- पालकी में सवार कान्हा के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु
- हरे कृष्णा का उद्घोष करते चले इस्कान के सदस्य
- शोभायात्रा का विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा से स्वागत
श्री राधा बृजनाथ संकीर्तन मंडल की ओर से भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप लड्डू गोपाल की पालकी शोभायात्रा शनिवार को शहर में धूमधाम से निकाली गई। पालकियों के साथ वृंदावन से आए इस्कॉन सेवा समिति के सदस्य हरे कृष्णा का उद्घोष करते हुए चले। शोभायात्रा का विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा से स्वागत किया।
कार्यक्रम के संरक्षक सचिन बाथम, राजेश अवस्थी, कुंज बिहारी अग्रवाल आदि की देखरेख में पालकी शोभा यात्रा केरूगंज के अग्रसेन भवन से दोपहर बाद आरंभ हुई। वहां से रंगमहला स्थित सीता की मठिया, छोटा चौक, कच्चा कटरा मोड़, घंटाघर, बहादुरगंज और सदर थाना होकर जेल रोड पर मुड़ी। शोभा यात्रा जिधर से भी गुजरी वातावरण कृष्णमय हो गया। इस दौरान कई स्थानों पर छतों से श्रद्धालुओं ने फूल बरसाए।
पालकियों पर विराजित भगवान लड्डू गोपाल की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालुओं में होड़ लगी रही। दूसरी पालकी पर वृंदावन के श्रद्धालुओं द्वारा लाई गई श्री गौर-निताई जी की प्रतिमा विराजित की गईं। जेल रोड से पालकियों के संग श्रद्धालुओं का समूह अंटा चौराहा, मालखाना मोड़, कनौजिया अस्पताल होकर आनंदपुरम् की श्री कृष्ण वाटिका पहुंचा। वहां देव प्रतिमाओं को नैवेद्य अर्पित कर प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम की व्यवस्था में पंकज मिश्रा, आशीष श्रीवास्तव, शोभित श्रीवास्तव, सिद्धार्थ गुप्ता, रोहित मिश्रा, अजय कांत श्रीवास्तव, सुनील मौर्य, लल्लन बाबू मिश्र, असीम कुमार, शिव भगवान मिश्र, अतुल मिश्र आदि का सहयोग रहा।