पॉवर कारपोरेशन के मुख्य अभियंता राजकुमार अग्रवाल ने शुक्रवार को एक होटल में दोपहर से शाम सात बजे तक चार चरणों में अधिकारियों, बाबुओं और फ्रेंचाइजी कंपनियों के पदाधिकारियों की मैराथन बैठक ली एवं सभी की जमकर क्लास ली। दो टूक लहजे में अवर अभियंताओं को कहा कि राजस्व वसूली का मासिक लक्ष्य शत प्रतिशत पूरा करें अन्यथा नौकरी छोड़ दें। बहानेबाजी नहीं चलेगी और ना ही सुनी जाएगी। मीटर रीडिंग करने वाली कंपनी के टीम के हर सदस्य को चेताया कि घर बैठे मनमाने ढंग से फर्जी रीडिंग बंद कर दें, अन्यथा ऐसा करने वालों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कराते हुए कार्रवाई होगी। साथ ही बाबुओं और लेखा विभाग के लिपिकों को चेताया कि अपने यहां दलालों की आवाजाही पर पूरी तरह लगाम लगाएं और बिलों में घपलेबाजी करना बंद करें अन्यथा बरेली और बदायूं के तहत शाहजहांपुर में भी ऐसे घपले के लिए जिम्मेदार बाबू या लिपिक के एफआईआर कराते हुए विधिक कार्रवाई होगी।
उपभोक्ताओं के यहां रसीद लेकर वसूली के लिए जाने वाले फ्रेंचाइजी कंपनी के स्टाफ की भी क्लास ली। कहा कि वसूली के साथ ही बिजली चोरी रोकना भी उनकी जिम्मेदारी में शुमार है। ऐसे में अब से हर माह कंपनी को 50 बिजली चोरी के मामले में एफआईआर कराने का लक्ष्य दिया। साथ ही बिल जमा न करने पर कटे कनेक्शन वाले बकाएदारों द्वारा अवैध कनेक्शन से बिजली का उपभोग करने के हर माह सौ एफआईआर कराने का लक्ष्य दिया। ऐसे मामलों में धारा 138-बी के तहत एफआईआर कराते हुए कार्रवाई करने का निर्देश दिया। चीफ इंजीनियर को अधीक्षण अभियंता ऋषि कुमार अग्रवाल ने दोनों वितरण खंडों के एक्सईएन से प्राप्त रिपोर्ट के हवाले से बताया कि गत जून माह में लक्ष्य के सापेक्ष 65 से 70 प्रतिशत राजस्व वसूली हुई है। एक्सईएन सिटी विवेक पटेल ने बताया कि जून माह में शहरी क्षेत्र में 13.50 करोड़ रुपये वसूली लक्ष्य के सापेक्ष 8.25 करोड़ रुपये राजस्व विभाग के कोष मेें जमा कराया जा चुका है। इस उपलब्धि को अपर्याप्त मानते हुए मुख्य अभियंता ने कहा कि जब तक लोगों में बिजली चोरी पर कार्रवाई का डर पैदा नहीं होगा, विभाग को अपेक्षा के अनुरूप राजस्व की प्राप्ति नहीं होगी। उन्होंने शहरी क्षेत्र के अवर अभियंताओं को प्रति माह 50 एफआईआर और 100 नए कनेक्शन जारी करने का लक्ष्य सौंपा। ग्रामीण क्षेत्र के अवर अभियंताओं को हर माह कम से कम 30 एफआईआर के साथ 50 नए कनेक्शन जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में एक्सईएन अशोक सुंदरम व एनपी सिंह, एसडीओ गौरव शर्मा, अनमोल डोंगरे व सतीश जायसवाल, जेई जीडी जोशी, अलंकृत मिश्रा, अनुज श्रीवास्तव, केके पटेल, शैलेंद्र पांडेय आदि उपस्थित रहे।