तिलहर में एनएसएस शिविर के दौरान ग्रामीणों एवं छात्राओं को जागरुक करते शिक्षक
- फोटो : SHAHJAHANPUR
तिलहर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर के चौथे दिन छात्राओं ने साक्षरता अभियान चलाकर ग्रामीणों को जागरूक किया। बच्चों की प्रतिभा को निखारने के लिए ग्रामीणों को शपथ दिलाई गई।
सोमवार को शिविर के चौथे दिन मुख्य अतिथि एलआईसी के मैनेजर अमिताभ कपूर ने कहा कि प्रत्येक बच्चे में प्रतिभा छिपी होती है। इसी प्रतिभा को निखारने के लिए अभिभावकों और अध्यापकों को ध्यान देना चाहिए। जो ग्रामीण निरक्षर हैं, वे बच्चों से कुछ न कुछ ज्ञान हासिल करें। कम से कम अपना नाम लिखना अवश्य सीख लें। कार्यक्रम अधिकारी ऋतु शुक्ला एवं शशिभूषण के निर्देशन में इकाई नायिका तृप्ति शर्मा ने फिरोजपुर में छात्राओं के साथ मिलकर नारी सशक्तिकरण का नारा देकर महिलाओं को भी जागरूक किया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. शिवपूजन यादव ने कहा कि बच्चों का सबसे प्रथम गुरु उसकी मां होती है इसलिए महिलाएं स्वत: सशक्त हैं। कहा कि महिलाएं अपने आप को कमजोर न समझे और सामाजिक कार्यों में हिस्सा लें। इस दौरान सरन पाल सिंह, नरेश पाल, विशाल शर्मा, दीक्षा, साक्षी मिश्रा, स्नेहा आदि मौजूद रहे।