बालिका रौनक का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
- फोटो : reasi news
परौर। क्षेत्र के खजुरी गांव निवासी सोनू सिंह की बेटी रौनक (10) की रविवार सुबह खजुरी गढ़ी चौराहा पर पिकअप वाहन की टक्कर लगने से मौत हो गई। वह बग्गर में बंधे जानवरों को चारा डालने के लिए जा रही थी। बालिका की मौत से त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं।
मृतका के पिता सोनू सिंह ने बताया कि बेटी गांव के ही सरकारी स्कूल में कक्षा तीन की छात्रा थी। रविवार की सुबह करीब नौ बजे बेटी थोड़ी दूरी पर स्थित बग्गर में बंधे जानवरों को चारा डालने के लिए जा रही थी। जैसे ही बेटी 50 मीटर दूर खजुरी गढ़ी चौराहा पर पहुंची, तभी तेज गति से आए पिकअप वाहन से बेटी को टक्कर लग गई। जिससे बेटी उछलकर काफी दूर गिरी।
हादसे को देख लोगों की भीड़ लग गई। तुरंत बेटी को लेकर कलान पीएचसी पहुंचे, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। बेटी के शव को देख मां बिटटा रोते-रोते बेहाल हो गई है। परिजनों ने बताया कि मृतका तीन बहनों में दूसरे नंबर की थी। सीओ जलालाबाद दीपक कुमार सिंह ने बताया कि पिकअप वाहन कब्जे में हैं। हिरासत में लिए चालक से पूछताछ की जा रही है। तहरीर प्राप्त होने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
बालिका रौनक का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन- फोटो : reasi news