- विधायक ने मिल अधिकारियों के साथ की बैठक
- नए पेराई सत्र के संबंध में की तैयारियों की समीक्षा
भाजपा विधायक रामसरन वर्मा ने सोमवार को चीनी मिल अतिथि गृह में क्षेत्र के सभी छह चीनी मिलों के अधिकारियों की बैठक लेकर नए पेराई सत्र के संबंध में की गई तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से नए पेराई सत्र में किसानों को मानक के अनुरूप सुविधाएं देने को कहा है। साथी ही पिछले पेराई सत्र का गन्ना मूल्य भुगतान तत्काल करने के निर्देश दिए।
अगले माह सभी चीनी मिलों का पेराई सत्र शुरू हो जाएगा। सभी चीनी मिलों में नए पेराई सत्र के संबंध में जोरदार तैयारियां चल रहीं है। भाजपा विधायक रामसरन वर्मा ने सोमवार को किसान सहकारी चीनी मिल के अतिथि गृह में क्षेत्र की सभी छह चीनी मिलों के अधिकारियों की बैठक लेकर नए पेराई सत्र के संबंध में की जा रही तैयारियों की समीक्षा की, जिसमें स्थिति संतोषजनक पाई गई। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि जिन चीनी मिलों पर पिछले पेराई सत्र का गन्ना मूल्य भुगतान शेष रह हो गया है, वे मिलें भुगतान तत्काल कर दें। विधायक ने अधिकारियों से यह भी कहा कि वे लोग नए पेराई सत्र में अपने-अपने क्षेत्रों के किसानों को मानक के अनुरूप सभी सुविधाएं दें। फर्जी गन्ना सट्टे बिल्कुल न चलाएं। अधिकारी संज्ञान में आते ही फर्जी सट्टे खत्म कर दें। बैठक का संचालन डीसीओ राजेश्वर सिंह ने किया। बैठक में बीसलपुर, बरखेड़ा, मकसूदापुर, निगोही, फरीदपुर, पीलीभीत चीनी मिलों के अधिकारियों के अलावा सहकारी गन्ना विकास समिति बीसलपुर के सचिव जितेंद्र कुमार, गन्ना विकास परिषद बीसलपुर के एससीडीआई धर्मेंद्र प्रसाद दुबे और गन्ना विकास परिषद बरखेड़ा के एससीडीआई आके सिंह भी मौजूद थे।
दीपावली तक करें मरम्मत कार्य पूरा
बीसलपुर। डीसीओ राजेश्वर सिंह ने सोमवार को किसान सहकारी चीनी मिल पहुंचकर हो रहे मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया और तकनीकी अधिकारियों को दीपावली तक हर हालत में मरम्मत कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
किसान सहकारी चीनी मिल में नए पेराई सत्र के सिलसिले में इन दिनों मशीनों का मरम्मत कार्य जोरों पर चल रहा है। डीसीओ राजेश्वर सिंह ने सोमवार को मिल पहुंचकर मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण में स्पष्ट हुआ कि अब तक 73 फीसदी मरम्मत कार्य पूरा हो चुका है। डीसीओ ने मिल के तकनीकी अधिकारियों को शेष मरम्मत कार्य दीपावली तक हर हालत में पूरा करने के निर्देश दिए। इस मौके पर चीनी मिल के जीएम सुरेश चंद्रा, चीफ इंजीनियर योगेश गुप्ता, गन्ना विकास परिषद के एससीडीआई धर्मेंद्र प्रसाद दुबे और सहकारी गन्ना विकास समिति के सचिव जितेंद्र कुमार मौजूद थे।