फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गौतम हत्याकांड : मुख्य आरोपी समीर के पिता-भाई समेत तीन अन्य भी गिरफ्तार

विज्ञापन
गौतम मौर्य का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन - फोटो : 1
विज्ञापन
कांट (शाहजहांपुर)। क्षेत्र के प्रह्लादपुर कमलनैनपुर गांव के गौतम मौर्य (20) की चाकू से गोदकर हत्या के मामले में मुख्य आरोपी समीर के पिता-भाई समेत तीन अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, नगर पंचायत की ओर से आरोपियों के मकान पर नोटिस चस्पा कर दस दिन के अंदर अवैध निर्माण को हटा लेने की चेतावनी दी गई है। ऐसा न होने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

शुक्रवार की रात साइकिल मिस्त्री गौतम मौर्य की दिलावरपुर के पास गढ़ी पूर्वी निवासी समीर ने अपने सहयोगियों के साथ चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। एसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि गौतम के पिता चंद्रपाल की तहरीर पर समीर और तीन अन्य आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी।
विवेचना के दौरान समीर के पिता लियाकत अली, उसके भाई तदीम और चचेरे भाई राजा के नाम प्रकाश में आए। रविवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दोपहर करीब तीन बजे ददरौल की ओर जाने वाले मार्ग पर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को आठ घंटे तक कांट-जलालाबाद मार्ग जाम लगाने वालों ने इन तीनों की गिरफ्तारी की भी मांग रखी थी।
विज्ञापन

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गौतम से समीर काफी समय से दुश्मनी मान रहा था। उनके मुताबिक परिवार की एक लड़की पर गौतम गलत निगाह रखे हुए था। कई बार समीर ने समझाने का प्रयास किया लेकिन गौतम मान नहीं रहा था। इससे उनकी काफी बदनामी हो रही थी।
गौतम लड़की के साथ सोशल साइट पर स्टेट्स पर स्टोरी भी लगाता था। समझाने के बाद जब गौतम नहीं माना तो उन लोगों ने उसे जान से मारने का योजना तैयार की। योजना के तहत समीर ने कांट से चाकू खरीदा। गौतम को बातों में फंसाकर लाने के लिए समीर को भेजा गया। वह गौतम को नहर कोठी से लेकर आया।
इस बीच लियाकत, तदीम और राजा एक बाइक से पहले ही दिलावरपुर नहर के पास खड़े होकर उसका इंतजार कर रहे थे। गौतम के पहुंचते ही उन लोगों ने बाइक को रोक लिया। लियाकत ने गौतम का एक हाथ पकड़ा और राजा ने दूसरा हाथ पकड़ा। तदीम ने बाइक पकड़ ली। पीछे से समीर ने चाकू निकालकर जान से मारने की नीयत से कई वार किए।
गौतम चिल्लाया तो ग्रामीण आने लगे। इस पर वे लोग उसे छोड़कर बाइक से चले आए। समीर मौके पर रुक गया। उन लोगों ने समीर से कहा कि पकड़े जाने पर वह यह कहे कि उसने अकेले गौतम को मारा है। इससे लोग भ्रमित हो जाएंगे और केवल उसके खिलाफ ही कार्रवाई होगी। वे लोग जल्द ही उसकी जमानत करा लेंगे।

दरवाजे पर नोटिस किया चस्पा
कांट की अधिशासी अधिकारी नूरजहां की ओर से कस्बे के गढ़ी पूर्वी प्रथम में लियाकत अली की पत्नी सलमा के साथ ही उनके मकान के दो अन्य हिस्सों में रहने वालीं अमीरन पत्नी खुशी मोहम्मद और नसीम जहां पत्नी शमीम को नोटिस जारी किया है। इसमें लिखा है कि उनकी ओर से मकान का अवैध निर्माण किया गया है जो नगर पालिका अधिनियम-1916 के नियमों का उल्लंघन करता है। इन भवनों के अवैध निर्माण को दस दिनों में स्वयं हटा लें अथवा निकाय प्रशासन की ओर से इसे हटा दिया जाएगा।
-
गौतम की उठी अर्थी, बिलख पड़ी मां
कांट। कमलनैनपुर में गौतम मौर्य का रविवार सुबह गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। मां सत्यवती को बिलखता देख हर किसी की आंख नम हो गई। चार बहनों के इकलौते भाई गौतम की शादी नवंबर में होनी थी। शुक्रवार की रात उनकी हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। रविवार सुबह करीब 9:30 बजे पिता चंद्रपाल ने कांपते हाथों से बेटे की चिता को मुखाग्नि दी। यह दृश्य देखकर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
क्षेत्रीय विधायक अरविंद सिंह ने भी अर्थी को कंधा देकर परिजनों को सांत्वना दी। ग्रामीण आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। गौतम के पिता चंद्रपाल तीन भाई हैं। पूरे परिवार में 20 लोग रहते हैं। दो दिन से घरों में चूल्हा तक नहीं जला। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात रहा। संवाद
-
विधायक बोले- मुख्यमंत्री को घटना से कराया अवगत
शाहजहांपुर। गौतम हत्याकांड में भाजपा से ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह ने आवास पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि चार लोगों ने चाकू से गोदकर गौतम की हत्या की है। समीर सहित सभी हत्यारोपियों पर सरकार बड़ी कार्रवाई करेगी।
यह कार्रवाई आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के लिए सबक बनेगी। गौतम के परिवार के सदस्य को टाउन एरिया कांट में संविदा पर नौकरी दिलवाई जाएगी। हत्यारोपी का मकान ग्राम समाज की आबादी पर बना है। इसको ध्वस्त कराने की कार्रवाई की जाएगी। घटना के संबंध में मुख्यमंत्री को अवगत करा दिया गया है। वह स्वयं भी मुख्यमंत्री से मिलेंगे।
परिवार को आर्थिक मदद दिलवाई जाएगी। अगर परिवार के सदस्य मुख्यमंत्री से मिलना चाहेंगे तो उन्हें मिलवाया जाएगा। गौतम किसी पार्टी से जुड़ा नहीं था, इसलिए विपक्षी दलों को भी जाना चाहिए था। पीडीए के हिमायती वहां पर दिखाई नहीं दिए। वोट बैंक की राजनीति विपक्षी दलों को नहीं करनी चाहिए। संवाद
-
अपराधियों पर ऐसी कार्रवाई होगी, जो बनेंगी नजीर : सांसद
शाहजहांपुर। गौतम मौर्य हत्याकांड के मामले में भाजपा सांसद अरुण सागर ने मृतक के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिवार के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें ढाढ़स बंधाया और न्याय का आश्वासन दिया।
सांसद अरुण सागर ने मृतक के पिता रामचंद्र से मुलाकात कर घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें कठोरतम सजा दिलाई जाएगी।
सांसद ने कहा कि अपराधियों पर ऐसी कार्रवाई होगी जो एक नजीर बनेगी। सांसद ने परिवार को सरकार की ओर से हर संभव मदद दिलाने का भी आश्वासन दिया। उनके साथ जितेंद्र नाथ तिवारी भी रहे। वहीं, पूर्व जिला पंचायत सदस्य नीरज मिश्रा ने परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने समाजवादी पार्टी के आंवला से सांसद नीरज मौर्य से गौतम के पिता की बात कराई।
उन्होंने कहा कि वे सब पीड़ित परिवार के साथ है और मांग करते है कि बेसहारा परिवार को 50 लाख की आर्थिक मदद, एक सरकारी नौकरी दी जाए और दोषियों पर इतनी कड़ी कार्रवाई की जाए। इस दौरान उनके साथ संदीप अग्निहोत्री, धर्मेंद्र अवस्थी आदि लोग मौजूद रहे। संवाद
-
पुलिस ने समीर के अलावा उसके पिता, भाई और चचेरे भाई को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ की गई है। मामले से जुड़े हर पहलू की पूरी गंभीरता से जांच कराई जा रही है। -सौरभ दीक्षित, एसपी
-
नगर पंचायत की ओर से आरोपियों के मकान पर नोटिस चस्पा किए गए हैं। दस दिन का समय पूरा होने के बाद नगर पंचायत की ओर से कार्रवाई की जाएगी। -रजनीश मिश्रा, एडीएम प्रशासन

गौतम मौर्य का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन- फोटो : 1

गौतम मौर्य का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन- फोटो : 1

गौतम मौर्य का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन- फोटो : 1

गौतम मौर्य का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन- फोटो : 1

गौतम मौर्य का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन- फोटो : 1

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें