तिलहर। राष्ट्रीय गो रक्षा संघ के प्रदेश संगठन मंत्री डॉ. यशवंत कुमार मैथिल ने बताया कि गोवंश की दुर्दशा को देखते हुए गायों के संरक्षण और संवर्धन के लिए नैमिषारण्य में विश्व स्तरीय गो शोध संवर्धन एवं संरक्षण संस्थान के निर्माण का संकल्प लिया है। इसके लिए निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।
अमर उजाला से विशेष बातचीत में डॉ. यशवंत ने बताया कि नैमिषारण्य में दिव्य ज्योति फाउंडेशन ट्रस्ट ने गो संवर्धन संस्थान के लिए 21 बीघा जमीन दान दी है। स्वामी पद्मनाभ के आशीर्वाद और मार्गदर्शन में सुंदर गोपाल गोशाला एवं गो संवर्धन केंद्र की स्थापना की जा रही है। जिसका निर्माण कार्य प्रारंभ किया जा चुका है। जहां कृत्रिम गर्भाधान से 27 माह में देसी नस्ल की गीर और शाहीवाल गायों का जन्म होगा। बताया कि गोवंश तभी सुरक्षित हो सकता है जब वह दुधारू हो जाएगा। गोवंश का दुधारू न होना उसकी दुर्दशा का मुख्य कारण है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार गो संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रयासरत हैं। लेकिन सरकारी स्तर पर अधिकारी बजट का दुरुपयोग कर गोशालाओं को वधशाला बनाने में जुटे हैं। वहीं जनप्रतिनिधि भी गोवंश बचाने में कोई रुचि नहीं दिखा रहे हैं।