बृहस्पतिवार को सतकरतार गैस एजेंसी की बिजलीपुरा स्थित गोदाम में गैस सिलेंडर लेने गए लोगों को गोदाम से गैस नहीं दी गई। इससे आक्रोशित लोगों ने अंटा चौराहा के पास जाम लगा दिया। जाम लगने की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर लोगों को शांत किया। इसके बाद ही जाम खुलवाया जा सका।
घरेलू गैस सिलेंडरों की गाड़ी न आने की वजह से लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए इंडेन गैस एजेंसी के बिजलीपुरा स्थित गोदाम पर पहुंच गए। वहां पर मौजूद कर्मियों ने गैस न होने की बात कहते हुए लोगों को लौटा दिया। इससे उपभोक्ता आक्रोशित हो गए। उन लोगों ने करीब सवा आठ बजे अंटा चौराहा पर जाम लगा दिया। इससे सड़क के चारों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। जाम लगाए जाने की सूचना मिलने पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत करके जाम खुलवाया।
आज मिलेंगे गैस सिलेंडर: राकेश
इस संबंध में सतकरतार गैस एजेंसी के मैनेजर राकेश त्रिवेदी ने बताया कि शुक्रवार को तीन ट्रकों से करीब नौ सौ गैस सिलेंडर आ जाएंगे, जिन्हें गैस उपभोक्ताओं में वितरित किया जाएगा। शुक्रवार को सभी लोगों को गैस सिलेंडर मिल जाएगा।