शहर की गैस एजेंसियों पर रसोई गैस सिलेंडरों के वितरण से लेकर नए कनेक्शन जारी होने तक भ्रष्टाचार की बढ़ती शिकायतों का संज्ञान लेते हुए सपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। बाद में डीएम के नाम सिटी मजिस्ट्रेट नरेंद्र सिंह को ज्ञापन देकर गैस एजेंसियों की कार्य प्रणाली की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
प्रदर्शन के लिए पार्टी कार्यकर्ता खिरनीबाग चौराहे के पास जमा हुए और वहां से नारेबाजी करते हुए सपा नेता आरिफ हुसैन जुगनू के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। वहां नारेबाजी से उपजे शोर को सुनकर सिटी मजिस्ट्रेट अपने कक्ष से बाहर आए और कार्यकर्ताओं से ज्ञापन लिया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने कहा कि गैस एजेंसियों के संचालक सिलेंडर बुक कराने के बाद भी डिलीवरी समय से नहीं करते और बार-बार एजेंसियों के चक्कर काटने को मजबूर कर रहे हैं।
ज्ञापन में कहा गया है कि नए गैस कनेक्शन का शुल्क 2450 रुपये निर्धारित है, लेकिन एजेंसियों पर उपभोक्ताओं से 3500 रुपये से लेकर 6500 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। इस मनमानी पर रोक के लिए सख्त कार्रवाई की जाए, जिससे कि जनता को आर्थिक शोषण से छुटकारा मिल सके। प्रदर्शन में कदीम खां, रघुनाथ यादव, रघुवीर सिंह वर्मा, रहमान, कासिफ, रेहान अहमद, अतीक मियां, मोनू वर्मा, यावर खां, सरवर आदि शामिल रहे।