विसर्जन से पहले गणपति दरबार में चला भंडारा
- फोटो : श्ााहजहांपुर उत्तर प्रदेश्ा
सदर बाजार स्थित लाला रामचरन लाल धर्मशाला और चौक क्षेत्र के उदासीन अखाड़ा में विराजे गणपति बप्पा का विसर्जन मंगलवार को किया जाएगा। विसर्जन से पूर्व शोभायात्राएं भी निकाली जाएंगी। मराठा समुदाय के युवाओं में मटकी फोड़ने को लेकर खासा उत्साह है। इधर, धर्मशाला में सोमवार सुबह हवन-पूजन के साथ भंडारा का आयोजन किया गया।
लाला रामचरन लाल धर्मशाला में महाराष्ट्र मराठा मंडल के तत्वावधान में सजे मंडप में स्थापित किए गए गणपति बप्पा केेेेे दरबार में सोमवार को हवन-पूजन किया गया। महिलाओं ने अपने आराध्य की पूजा अर्चना की और सुहाग की रक्षा के साथ परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में अर्जुन सूर्यवंशी, सुदामा शिंदे, अनिल कदम, सर्जेराव घोड़पड़े, चंद्रकांत माने, सागर शिंदे, नीरज वाजपेयी आदि का योगदान रहा। सदर बाजार की विसर्जन शोभायात्रा मंगलवार दोपहर 12 बजे बैंडबाजे के साथ निकाली जाएगी। गर्रा घाट पर गणपति बप्पा को विसर्जित किया जाएगा।
उधर, चौक स्थित सीता मठिया स्थित उदासीन अखाड़ा में स्थानीय लोगों द्वारा स्थापित किए गणपति बप्पा की प्रतिमा का विसर्जन भी शाम तीन बजे गर्रा नदी में किया जाएगा। वहीं, श्री गणेश उत्सव मंडल चौक की ओर से लाला कालीचरण मार्ग स्थित क्षत्रिय धर्मशाला में सजे पंडाल में मराठा समुदाय के साथ स्थानीय लोगों ने भजन-कीर्तन कर विघ्नहर्ता श्री गणेश जी की पूजा-अर्चना की। यहां स्थापित प्रतिमा का विसर्जन 14 सितंबर को होगा। अध्यक्ष अनिल माने ने बताया कि 13 सितंबर को शाम छह बजे से भजन-संध्या में फूलों की होली भी खेली जाएगी। इससे पूर्व दिन में भंडारा होगा।