जलालाबाद। गंगा एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी पर दो व तीन मई को लड़ाकू विमानों की लैंडिंग प्रस्तावित है। इसके लिए डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने वायु सेना व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बृहस्पतिवार को बैठक की। उन्होंने लाइट, सीसीटीवी कैमरे लगाने व पांच किलोमीटर के दायरे में तार लगाने का कार्य 28 अप्रैल तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। इसी दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के यहां आने की संभावना भी है।
वायु सेना के कमांडिंग ऑफिसर मुदित माथुर ने डीएम के समक्ष अपनी प्राथमिकताएं रखीं। कहा कि लाइटिंग की व्यवस्था पांच किलोमीटर की दूरी के बीच दूर-दूर तक रहे। साफ-सफाई का विशेष प्रबंध हो और पानी का लगातार छिड़काव होता रहे। लैंडिंग के दौरान लोगों की पहुंच हवाई पट्टी से ढाई सौ मीटर दूर तक ही सीमित रहेगी। इस समूचे क्षेत्र में कोई जानवर आदि न पहुंचे, इसके लिए मजबूत तार लगाए जाएं।
डीएम ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से बल्ली लगाकर तार लगाने का कार्य तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए। 28 अप्रैल के बाद चार मई तक यह क्षेत्र नो फ्लाई जोन रहेगा। इस दौरान ड्रोन, पतंग आदि उड़ाने पर प्रतिबंध रहेगा। डीएम ने सफाई व्यवस्था का कार्य अभियान के तहत चलाने के निर्देश डीपीआरओ को दिए।
डीएम ने वायु सेना के अधिकारियों के लिए रहने व खाने आदि की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी एसडीएम को सौंपी है। वायु सेना ने 30 गुणा 30 का एक एसी टेंट लगवाने, दो फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तथा चिकित्सा संबंधी बेहतर सुविधा मुहैया कराने के लिए कहा।
सीडीओ अपराजिता सिंह ने बताया कि तीन दिन बाद फिर से कार्यों का निरीक्षण किया जाएगा। बैठक के दौरान वायु सेना के ग्रुप कैप्टन एसके शर्मा, विधायक हरिप्रकाश वर्मा, एसपी राजेश द्विवेदी, सीडीओ अपराजिता सिंह, एडीएम प्रशासन संजय पांडेय आदि मौजूद रहे।
-
हैलिपेैड भी बनाया जाएगा
डीएम ने बैठक के दौरान सीएम के आगमन की संभावना के अनुरूप कार्य करने के लिए कहा। बैठक में सीएम के हेलिकॉप्टर के लिए हेलिपैड बनाने व अन्य तरह की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। सीडीओ डॉ. अपराजिता सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन का अभी आधिकारिक कार्यक्रम नहीं आया है। वहीं, बैठक निपटने के कुछ देर बाद ही वायु सेना के एक हेलिकाॅप्टर ने हवाई पट्टी के ऊपर से कई चक्कर लगाए। हेलिकॉप्टर में सवार वायु सेना के अधिकारी हवाई पट्टी व उसके आसपास तैयारियों का जायजा ले रहे थे।