तिलहर। हरिद्वार-वाराणसी गंगा एक्सप्रेस-वे की भूमि अधिग्रहण को लेकर कार्रवाई तेज हो गई है। तहसीलदार तृप्ति गुप्ता की देखरेख में शुक्रवार को 10 ग्रामीणों की भूमि की रजिस्ट्री सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में की गई।
गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण में तिलहर तहसील क्षेत्र के आठ गांवों की भूमि अधिकृत की जा रही है। तहसीलदार तृप्ति गुप्ता को एक्सप्रेस-वे भूमि अधिग्रहण का जिम्मा सौंपा गया है। तहसीलदार ने शुक्रवार को गांव घसा कल्याणपुर और खमरिया के 10 ग्रामीणों की लगभग 33 बीघा भूमि की रजिस्ट्री कराई। गांव खमरिया क्षेत्र के लेखपाल एसएस तोमर ने बताया कि उनके क्षेत्र के गांव खमरिया निवासी रतिराम की सवा बीघा, नरेंद्र की पौने पांच बीघा, मनपसंदी की साढ़े चार बीघा, अंतरिक्ष कुमार की डेढ़ बीघा, दिनेश की चौथाई बीघा, शिवपाल सिंह की छह बीघा जमीन की रजिस्ट्री की गई। लेखपाल तालिब हसन के अनुसार क्षेत्र के गांव घसा कल्यानपुर निवासी सुग्रीव पाल की 10 बीघा, ब्रह्मपाल की सवा बीघा, प्रेमचंद की सवा बीघा, मलखान की दो बीघा जमीन की शुक्रवार को रजिस्ट्री की गई है। तहसीलदार तृप्ति गुप्ता ने बताया कि प्रतिदिन जमीनों की रजिस्ट्री का कार्य जारी रहेगा।