शाहजहांपुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफएसडीए) की टीम ने शनिवार को पुवायां तहसील क्षेत्र के गंगसरा और खुटार स्थित किराना की दुकानों पर छापा मारा। वहां दो प्रतिष्ठानों से खुले और पैकेट बंद ब्रांडेड सरसों तेल के दो नमूने लिए गए। छापे की सूचना मिलने पर गंगसरा और खुटार के अलावा पुवायां कस्बे के तमाम कारोबारी अपनी दुकानें बंद करके खिसक गए।
पुवायां तहसील क्षेत्र मेें मिलावटी राइस ब्रॉन और सस्ते नेपाली तेल की खासी खपत होती है। योजना के तहत शनिवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी रवि शर्मा के नेतृत्व में टीम ने पहले पुवायां से आगे गंगसरा कस्बे में छापा मारा। वहां गुप्ता किराना स्टोर के संचालक रोहित गुप्ता से बैल कोल्हू ब्रांड के सरसों के तेल का नमूना लिया। इस बीच छापे की खबर लगने पर अन्य कारोबारी अपनी दुकानें बंद करके इधर-उधर हो गए। इसके बाद टीम ने खुटार जाकर महेंद्र किराना स्टोर पर छापा मारा। वहां टीम ने खुले सरसों के तेल का नमूना लिया। आखिर में टीम पुवायां पहुंची, लेकिन तब तक वहां राजीव चौक से लेकर राजा मार्केट और चौराहा बाजार तक किराना की प्रमुख दुकानें बंद करके विक्रेता खिसक चुके थे। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेश कुमार, जयपाल सिंह, इंद्रराज मौर्य, नरेंद्र शर्मा, रामजी शुक्ला आदि शामिल रहे।