लायंस क्लब इंटरनेशनल की चौथी कैबिनेट मीटिंग एवं पुरस्कार वितरण समारोह हर्षोल्लास से आयोजित किया गया। मीटिंग में वरिष्ठ सदस्य अर्चना भटनागर ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी सदस्यों को चुस्त-दुरुस्त रहने और तनावमुक्त जीवन जीने के लिए प्राणायाम करने पर जोर दिया।
शहर के एक होटल में मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संजय चोपड़ा और प्रथम लेडी सुनीता चोपड़ा ने अन्य अतिथियों के साथ समारोह का शुभारंभ किया। इसके पश्चात डिस्ट्रिक्ट गवर्नर चोपड़ा ने पूर्व गवर्नर प्रमोद चंद्र सेठ तथा वीडीजी द्वितीय संदीप सहगल आदि के साथ समाजसेवा के क्षेत्र में वर्षभर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले क्लबों को पुरस्कृत किया। इसकी शुरुआत पूर्व गवर्नर गुरनाम सिंह को लाइफ टाइम एचीवमेंट अवार्ड देकर की गई। इसी कड़ी में पीसी सेठ और गोपाल भाई को भी पुरस्कृत किया गया। बेस्ट क्लब का अवार्ड लायंस क्लब लखनऊ प्रतिष्ठा की झोली में गया। सर्वश्रेष्ठ अध्यक्ष का पुरस्कार अनीता रस्तोगी तथा सर्वश्रेष्ठ सचिव का पुरस्कार अरुणा भट्ट को मिला। लखनऊ के अलावा विभिन्न जिलों की इकाइयों में शाहजहांपुर की लायंस क्लब सहेली को बेस्ट क्लब, शाहजहांपुर के ही लायंस क्लब सेंट्रल के ऋषि कपूर को बेस्ट प्रेसीडेंट, अजय शर्मा को बेस्ट सेक्रेटरी का अवार्ड मिला।
इसके अलावा लखनऊ सुरभि के एसके भटनागर को रनिंग ट्रॉफी दी गई। विश्वनाथ चौधरी को मोस्ट पापुलर, जगजीत सिंह माटा को डिस्ट्रिक्ट कोहिनूर, रीना अग्रवाल को लॉयन ऑफ दि ईयर अवार्ड से नवाजा गया। जबकि दिनेश चड्ढा को डायमंड ऑफ दि ईयर चुना गया। इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर चोपड़ा ने कहा कि दीन-दुखियों और जरूरतमंदों की मदद करने से बढ़कर कोई समाजसेवा नहीं हो सकती। दूसरों के आंसू पोछने से मन को शांति मिलती है। सही मायने में यही मानव जाति का धर्म भी है। समारोह में लखनऊ, बहराइच, खटीमा, हल्द्वानी, काशीपुर, बनबसा आदि जिलों के सदस्य शामिल हुए।
विश्वनाथ चौधरी के संचालन में हुए कार्यक्रम में वरिष्ठ सदस्य मीरा सेठ, डॉ. वीपी सिंह, डॉ. बावा सिंह, जावेद अनवर, अशोक अग्रवाल, अतुल कपूर, पूनम टंडन, ज्योति शर्मा, डॉ. टीना अग्रवाल, पूजा खन्ना, अनु मिश्रा, अमरजीत बावा, रिद्धि बहल, सुखप्रीत कौर, तेजेंद्र पाल, प्रमोद खन्ना, शिवम अग्रवाल, मीरा त्रिवेदी, देवेंद्र मलिक, राजीव सिंघल, डॉ. रेशू अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में क्लबों के पदाधिकारी मौजूद रहे।