शाहजहांपुर। रोजा और शाहजहांपुर के बीच कचहरी हॉल्ट के पास बुधवार को मालगाड़ी का इंजन अचानक फेल हो गया। इसके चलते लखनऊ से मेरठ जाने वाली राज्यरानी एक्सप्रेस को रोकना पड़ा। ट्रेन करीब 50 मिनट की देरी से पहुंची।
रोजा से अप लाइन पर जा रही मालगाड़ी कचहरी हॉल्ट के पास पहुंची ही थी कि उसका इंजन अचानक बंद हो गया। लोको पायलट ने इंजन चालू करने के काफी प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। कंट्रोल के निर्देश पर राज्यरानी एक्सप्रेस को रोक दिया गया।
सूचना मिलने पर स्टेशन अधीक्षक एके गौतम भी मौके पर पहुंचे। पावर केबिन से मिले निर्देश के बाद मालगाड़ी के पीछे लगे डेड इंजन को चालू कराया गया। इसके बाद मालगाड़ी को खींचकर प्लेटफॉर्म नंबर चार की लाइन पर लाया गया। रास्ता साफ होने के बाद राज्यरानी एक्सप्रेस को रवाना किया गया।
इस दौरान ट्रेन करीब 50 मिनट देरी से शाहजहांपुर पहुंची। राज्यरानी से मुरादाबाद जाने के लिए सीनियर डीसीएम को भी इंतजार करना पड़ा। स्टेशन अधीक्षक एके गौतम ने बताया कि मालगाड़ी का इंजन फेल होने के बाद तत्काल दूसरे इंजन की मदद से उसे लाइन नंबर चार पर लाया गया था।