फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: ऋण दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी...नाराज पीड़ित चढ़ गए 80 फुट ऊंचे ओवरहेड टैंक पर

विज्ञापन
कांशीराम कॉलोनी में लोगों से जानकारी लेते इंस्पेक्टर। संवाद
विज्ञापन
शाहजहांपुर। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में ऋण स्वीकृत कराने के नाम पर धोखाधड़ी की शिकायत करने पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज आवेदक और उनके परिजन समेत चार लोग बरेली मोड़ स्थित कांशीराम कॉलोनी के करीब 80 फुट ऊंचे ओवरहेड टैंक पर चढ़ गए। आरोप है कि एक पार्षद के साथ मिलीभगत कर कुछ लोगों ने उनके नाम पर ऋण स्वीकृत कराने के बाद रकम और स्वरोजगार के लिए मिली मशीनें हड़प लीं। करीब तीन घंटे बाद सभी नीचे उतरे। आरोपों की जांच के लिए एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई है।
विज्ञापन

मोहल्ला ककरा निवासी शबनूर, जलालनगर के मुजम्मिल और कांशीराम कॉलोनी निवासी अजय और राजेश ने सिलाई और जरी-जरदोजी व्यवसाय के लिए योजना के तहत ऋण आवेदन किए थे। राजेश ने अपने नाम से और शेष तीनों लोगों ने परिवार की महिलाओं से आवेदन कराए थे। यह सभी सुबह काॅलोनी में पानी की टंकी के पास पहुंचे।
आसपास किसी को नहीं देख चारों टंकी पर जा चढ़े और कार्रवाई की मांग करने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम के एक पार्षद ने योजना के तहत ऋण स्वीकृत कराने का भरोसा देकर एक व्यक्ति से भेंट कराई। उसने अपने एक साथी की मदद से पार्षद के कार्यालय में फाइलें तैयार कराईं।
विज्ञापन

आवेदक और उनके परिजनों ने फाइलें तैयार करने के एवज में रकम वसूले जाने का आरोप लगाते हुुए बताया कि बाद में अलग-अलग बैंक शाखाओं से उनके नाम पर ऋण स्वीकृत करा लिया गया। ऋण स्वीकृत होने के बाद एक आरोपी ने एक सप्ताह में सिलाई और मशीनें उपलब्ध होने का दावा किया। सप्ताह भर बाद सभी मशीनें लेने फर्म पर पहुंचे तो पता चला कि आरोपी पहले ही मशीनें ले गए हैं।
फर्म भी एक आरोपी के भाई की है। चारों की स्वीकृत धनराशि 13 लाख 38 हजार भी आरोपियों ने नहीं दी। उन्होंने कलक्ट्रेट में अफसरों से पत्राचार कर गुहार की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। परेशान होकर सभी रविवार की सुबह साढ़े नौ बजे कांशीराम कॉलोनी स्थित ओवरहेड टैंक पर चढ़ गए। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर ओवरहेड टैंक से कूदकर जान देने की चेतावनी दी।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राय ने उनसे वार्ता कर कार्रवाई का आश्वासन दिया तो चारों नीचे उतर आए। सीओ सिटी देवव्रत बाजपेयी ने उन्हें बताया कि मामले में एडीएम वित्त एवं राजस्व की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित की गई है। कमेटी ने जांच शुरू भी कर दी है। जांच होने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

अजीजगंज चौकी प्रभारी पर अभद्रता और आरोपी को छोड़ने का आरोप
ओवरहेड टैंक से उतरने के बाद चारों लोगों ने बताया कि शनिवार की रात वह सभी अजीजगंज आए थे और एक आरोपी को पकड़ कर पुलिस चौकी ले गए। उनका आरोप कि चौकी प्रभारी कार्रवाई करने के बजाय उनसे अभद्रता करने लगे और सभी को चौकी से भगा दिया। उनका आरोप है कि देर रात आरोपी को भी पुलिस चौकी से छोड़ दिया गया। सीओ सिटी देवव्रत बाजपेयी ने बताया कि इस बारे में चौकी प्रभारी से पूछताछ कर जांच की जाएगी।

मामले की जांच के लिए एडीएम की अध्यक्षता में कमेटी गठित कर दी गई है। पूरे मामले की रिपोर्ट भी जल्द मांगी गई। उसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
-धर्मेंद्र प्रताप सिंह, डीएम

कांशीराम कॉलोनी में लोगों से जानकारी लेते इंस्पेक्टर। संवाद

कांशीराम कॉलोनी में लोगों से जानकारी लेते इंस्पेक्टर। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें