दिपांशु का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
शाहजहांपुर। छह दिन पूर्व अल्हागंज में हुए हादसे में घायल चौथे युवक थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला हद्दफ निवासी 18 वर्षीय दिपांशु की भी बरेली के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे में तीन लोगों की पूर्व में मौत हो चुकी है।
नौ फरवरी की शाम करीब साढ़े चार बजे अल्हागंज थाना क्षेत्र में कोठा मंझा गांव के सामने ओवरटेक कर रहा ट्रक सामने से आ रही कार से टकरा गया था। कार में सवार बहन का तिलक चढ़ाने जा रहे आनंदपाल उर्फ पप्पू (45) व उनके बड़े भाई देवेंद्र के ससुर सुरेश पाल (55) निवासी निबरिया थाना फतेहगंज पूर्वी, बरेली की मौके पर ही मौत हो गई थी।
तीसरे दिन आनंदपाल के पिता छोटेलाल की लखनऊ में उपचार के दौरान मौत हो गई। शनिवार रात हादसे में घायल चौथे युवक दिपांशु ने भी दम तोड़ दिया। सनोज ने बताया कि भतीजा दिपांशु जीआईसी में कक्षा आठ में पढ़ता था। वह इकलौता था। एक बहन दिपांशी है। मां नन्ही देवी गुमसुम हो गई हैं। देर शाम बरेली से आए शव का गर्रा मोक्षधाम पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।