ककरा सिटी में हो रहा कन्वेंशन सेंटर का निर्माण। संवाद
शाहजहांपुर। शहर में सुविधाओं को बढ़ाने वाली नगर निगम की चार बड़ी परियोजनाओं का निर्माण कार्य अब रफ्तार पकड़ रहा है। शहीद द्वार में तारामंडल और बहुमंजिला कार पार्किंग के साथ ककरा स्थित नगर निगम कार्यालय के पास कन्वेंशन सेंटर और अर्बन फूड प्लाजा का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। इनमें से दो परियोजनाओं का 70 से 80 फीसदी काम पूरा हो चुका है, जबकि अन्य का निर्माण भी लगातार आगे बढ़ रहा है।
शहीद द्वार में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से तारामंडल और 13 करोड़ रुपये से बहुमंजिला कार पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है। दोनों परियोजनाओं पर पिछले वर्ष अक्तूबर में काम शुरू हुआ था। इन्हें मार्च 2027 तक पूरा किया जाना है। कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस के मुताबिक तारामंडल और पार्किंग का 70 से 80 फीसदी काम पूरा हो चुका है। दिसंबर तक निर्माण पूरा करने का प्रयास है। कार पार्किंग शुरू होने से सड़क किनारे खड़े होने वाले वाहनों की समस्या कम होगी, जबकि तारामंडल में बच्चों को अंतरिक्ष से जुड़ी जानकारी मिल सकेगी।
कन्वेंशन सेंटर और अर्बन फूड प्लाजा का काम भी तेज
ककरा स्थित नगर निगम कार्यालय के पास करीब 38 करोड़ रुपये की लागत से कन्वेंशन सेंटर और 20 करोड़ रुपये से अर्बन फूड प्लाजा का निर्माण कराया जा रहा है। कन्वेंशन सेंटर का करीब 50 फीसदी काम पूरा हो चुका है। इसके वर्ष 2027 के आखिर तक पूरा होने की संभावना है। वहीं, अर्बन फूड प्लाजा का भी 70 फीसदी से अधिक काम पूरा हो चुका है और इसे मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
शहीदद्वार में तारामंडल और कार पार्किंग के साथ नगर निगम कार्यालय के पास कन्वेंशन सेंटर व अर्बन फूड प्लाजा का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूरा कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
- सौम्या गुरुरानी, नगर आयुक्त