खुटार के महेशपुर में मारपीट में घायल घायल विशाल, राजीव और मीरा देवी। संवाद
खुटार। गांव महेशपुर में पशुओं के खेत में जाने के विवाद को पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया। तहरीर देने के बाद पीड़ित घर लौटे तो उन्हें लाठी, डंडे और धारदार हथियार से घायल कर दिया गया। तीन घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
महेशपुर के राजीव कुमार ने पुलिस को बताया कि 20 मई को उनके पशु धोखे से गांव के ही एक व्यक्ति के खेत में चले गए। पशुओं के खेत में घुसने से मेड़ पर लगे तार टूट गए। मां मीरा देवी पशुओं को पकड़ने पहुंचीं तो खेत स्वामी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
राजीव मां को लेकर थाने गए और तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। दूसरे पक्ष के लोगों को तहरीर देने की जानकारी हुई तो उन्होंने राजीव और मीरा देवी से गाली-गलौज शुरू कर दी। 20-25 लोगों ने लाठी, डंडे और धारदार हथियार से हमला कर दिया।
शोर सुनकर बचाने आए राजीव के परिवार के विशाल और फेरुलाल को भी घायल कर दिया गया। परिजन घायलों को लेकर सीएचसी पहुंचे और पुलिस को भी जानकारी दी। राजीव कुमार, विशाल और मीरा देवी को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।