शाहजहांपुर। आयुष गुप्ता हत्याकांड में वांछित हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व अध्यक्ष स्वप्निल शर्मा समेत चार आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। वह कहीं दूर छिपा है। उसने मोबाइल बंद कर रखा है। इस मामले में पुलिस इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का अध्ययन कर रही है। संभावना है कि कुछ नए सुराग हाथ लग सकते हैं।
दो दिसंबर को थाना सदर बाजार क्षेत्र की श्यामतगंज गौटिया निवासी टेंट कारोबारी दिलीप गुप्ता के बेटे आयुष गुप्ता की ओसीएफ के रामलीला मैदान में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में अभी तक 11 आरोपियों को जेल भेजा है। हत्याकांड में वांछित हिंदू युवा वाहिनी का पूर्व अध्यक्ष स्वप्निल शर्मा, शेखर मौर्य, अनमोल और अनुज फरार चल रहा है। पुलिस उनकी लोकेशन भी तलाश नहीं पा रही है। पुलिस का मानना है कि वह काफी दूर निकल गए हैं। आरोपियाें ने अपने मोबाइल फोन बंद करने के साथ सोशल मीडिया भी बंद कर रखा है। मामले में सर्विलांस सेल भी पूरी निगाह बनाए हुए हैं। वांछितों की गिरफ्तारी नहीं होने पर एसपी राजेश एस. ने उनके ऊपर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया। सदर इंस्पेक्टर सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि तलाश के लिए टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।
-
पांच स्थानों से मिले फुटेज का अध्ययन कर रही पुलिस
-सदर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास छह जगहों से सीसीटीवी फुटेज निकाले हैं। वायरल वीडियो समेत अन्य साक्ष्य भी विवेचना में शामिल किए हैं। फुटेज का पुलिस गंभीरता से अध्ययन कर रही है। संभावना है कि पुलिस को कुछ नया सुराग हाथ लग सकता है।