शाहजहांपुर में जीएफ काॅलेज के मैदान पर टूर्नामेंट में प्रतिभाग करते खिलाड़ी। संवाद
शाहजहांपुर। फुटबॉल लीग में मंगलवार को कर्तव्य अकादमी ने शांति एफसी जूनियर को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 2-0 से हरा दिया। गोल को लेकर चली खींचतान के बाद अंतिम क्षणों में अकादमी के मोहम्मद शादाब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दो गोल दागकर बाजी मार ली।
जिला फुटबाल संघ की ओर से जीएफ कॉलेज के मैदान पर दोपहर में हुए टूर्नामेंट में कर्तव्य अकादमी के खिलाड़ियों ने मैन टू मैन खेलते हुए शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनके खेल के शानदार कौशल के बावजूद शांति एफसी ने हार नहीं मानी। मध्यांतर तक दोनों टीमें बराबर रही। मैच के अंतिम क्षणों में कर्तव्य अकादमी के मोहम्मद शादाब ने लगातार दो गोल कर टीम को जीत दिला दी।
माई ट्री संस्था के प्रबंधक आशीष भारद्वाज ने दोनों टीमों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया। संघ के अध्यक्ष गजेंद्र गंगवार, महासचिव दिलीप कुमार शर्मा, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रवि कुमार, उपाध्यक्ष गौरव अग्निहोत्री, मयूर खन्ना, जितेंद्र प्रसाद, कौशल किशोर सक्सेना, प्रेमजीत आदि मौजूद रहे।