माहौल अपने पक्ष में बनाने को जी तोड़ कोशिशों में लगे ब्लाक प्रमुख पद के दावेदारों ने चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही दौड़ भाग तेज कर दी है। उन्होंने क्षेत्र पंचायत सदस्यों का समर्थन हासिल करने की कवायद शुरू कर दी है। इस पद के लिए अभी प्रमुख रूप से सपा द्वारा घोषित प्रत्याशी राजाराम यादव और युवा नेता गोपाल वर्मा शामिल है।
पिछले चुनाव में इस प्रतिष्ठित सीट पर वर्तमान सपा प्रत्याशी राजाराम यादव की पत्नी मुन्नी देवी को हराकर बसपा समर्थित महजबी बेगम काबिज हुई थीं। इस बार पिछड़ा वर्ग को आरक्षित इस सीट पर सपा ने राजाराम यादव को अपना प्रत्याशी बनाया है। जबकि दूसरे प्रमुख दावेदार के रूप में गोपाल वर्मा का नाम है, जिन्होंने काफी समय पहलेे इस पार्टी से जुड़कर राजनीति में पदार्पण किया। जबकि इस बार के चुनाव में बसपा समेत अन्य राजनैतिक दल समर्थित कोई अन्य प्रत्याशी फिलहाल मैदान में नजर नहीं आ रहा है। चुनाव संबंधी तिथियां जारी होते ही क्षेत्र पंचायत सदस्यों को अपने पाले में करने को दोनों संभावित उम्मीदवारों के बीच घमासान तेज हो गया है। 76 क्षेत्र पंचायत सदस्यों वाले इस ब्लाक में इस साल हुए परिसीमन के बाद 95 सदस्य हो गए हैं।