जलालाबाद। रामगंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। अल्हागंज क्षेत्र में जिले की सीमा पर स्थित डबरी घाट पर रामगंगा का जलस्तर मंगलवार शाम को खतरे के निशान से 39 सेमी ऊपर 137.69 मीटर हो गया। इस कारण रामगंगा और बहगुल नदियों के तटवर्ती गांवों में फिर से बाढ़ के हालात बनने से वहां के लोगों की दुश्वारियां भी बढ़ने लगी हैं।
कसारी बुजुर्ग और कसारी खुर्द को जाने वाले मार्गों सहित बलदेवपुर से हथिनापुर होते हुए अन्य गांवों को जोड़ने वाले रास्ते और इसी गांव से शाहपुर समेत तिकोलाघाट से होकर कई गांवों से जुड़े रास्तों पर पानी का बहाव फिर शुरू हो गया है। तिकोला घाट पर बड़ी संख्या में लोगों ने नाव के सहारे आना-जाना शुरू कर दिया है। तहसीलदार राघवेश मणि त्रिपाठी ने बताया कि बलदेवपुर और तिकोला घाट पर नाव सहित कसारी गांव में दो मोटरबोट पहुंचा दी गई हैं। संवाद
लौका विहार, दलेलगंज और वजीरगंज में घुसा पानी
रोजा/भावलखेड़ा। खन्नौत नदी में उफान बढ़ने से मंगलवार को शहर के मोहल्ला दलेलगंज और वजीरगंज समेत लौका विहार गांव में पानी घुस गया। प्रशासन ने एक राहत शिविर रेती मार्ग पर स्थित कल्याण सिंह सामुदायिक भवन और दूसरा मोहल्ला छोटी बिसरात में बनाया है। दोनों शिविरों में दुधमुंहे बच्चों से लेकर बुजुर्ग और महिलाओं समेत 120-120 लोग रखे गए हैं। वहां उन्हें खान-पान की समस्या हो रही है और नौनिहालों को दूध नहीं मिल रहा।
पार्षद अनूप गुप्ता ने बताया दलेलगंज निवासी मुन्नी और अनीता के बाढ़ में फंसे होने की सूचना मिलने पर दोनों महिलाओं को स्टीमर से निकालकर आश्रय स्थल पहुंचा दिया। उनका कहना है कि बुधवार सुबह से बच्चों और बुजुर्गों के लिए दूध की व्यवस्था भी की जाएगी। मोहल्ला ख्वाजा फिरोज के निचले स्थानों वाले कई घरों में अचानक पानी घुस गया।
बाढ़ से करीब 250 परिवार प्रभावित हुए हैं। कई लोगों ने क्षेत्र के पार्षद पर समस्या की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। पार्षद धीरेंद्र सिंह चौहान का कहना है कि मोहल्ले के लोगों को बाढ़ के खतरे से अवगत करा दिया गया था। संवाद
तिलहर क्षेत्र के कई गांवों में घुसा गर्रा का पानी
तिलहर। गर्रा में उफान बढ़ने से मंगलवार को तटवर्ती मोहनपुर, परसेली, जिकड़ीपुर, चित्तीबोझी, घनश्यामपुर, बरहा मोहब्बतपुर आदि कई गांवों में पानी घुस जाने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गईं। रुजवारी रेलवे फाटक के दोनों ओर पानी भर जाने से एक-एक किमी लंबा जाम लग गया। पूर्वी भक्सी तिराहे के नाले में बाढ़ का पानी आ जाने से निगोही मार्ग पर भी आवागमन प्रभावित रहा। एसडीएम आदित्य श्रीवास्तव ने बताया कि रुजवारी फाटक के दोनों तरफ पुलिस की ड्यूटी लगाई जा रही है। नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि पूर्वी भक्सी तिराहे के नाला की सफाई कराने के बाद वहां से पानी आगे निकलना शुरू हो गया है। संवाद
पूर्व विधायक ने फसली नुकसान का लिया जायजा
खुदागंज। पूर्व विधायक राजेश यादव ने मंगलवार को भावपुर, खिरिया, मझिला, ताहरपुर आदि कई गांवों में किसानों के साथ खेतों में जाकर खराब हुई फसलें देखीं। किसानों को शासन-प्रशासन से राहत सहायता दिलाने का भरोसा दिया। संवाद
रामगंगा से भूमि कटान का लिया जायजा
परौर। सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता अनुज कुमार मिश्रा ने अवर अभियंता सुबोध कुमार और विवेक कुमार के साथ मंगलवार को यहां आकर नारायणनगर पश्चिमी और मोहनपुर गांव में रामगंगा से हो रहे भूमि कटान का जायजा लिया। सहायक अभियंता ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि कटान रोकने के लिए तात्कालिक उपाय के तहत एक-दो दिन में बंबू क्रेट की ठोकरें लगा दी जाएंगी। संवाद
जलभराव खत्म कराने के लिए एसडीएम से मिले गुनारा के बाशिंदे
जलालाबाद। गुनारा गांव में कब्रिस्तान सहित वहां के कई रास्तों पर जलभराव से परेशान लोग मंगलवार को एसडीएम मधुसूदन गुप्ता से मिले और उन्हें डीएम को संबोधित ज्ञापन देकर समस्या से जल्द निजात दिलाने की मांग की।
उन्होंने एसडीएम को बताया कि पानी के निकास की व्यवस्था सही न होने से गांव के बड़े कब्रिस्तान में काफी समय से जलभराव बना हुआ है। इस कारण शव को दफनाने में दिक्कत हो रही है। गांव की कई गलियों में भी जलभराव की समस्या है। ज्ञापन में समस्याओं का निराकरण न होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी गई।
इस दौरान राष्ट्रीय पिछड़ा दलित एवं अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष शराफत अली मंसूरी, जिलाध्यक्ष रामशंकर प्रजापति, जिला महासचिव अनिल भारती, अनीस अहमद, ब्रह्मकुमार कुशवाहा, पूर्व प्रधान मुशर्रफ अली आदि मौजूद रहे। एसडीएम ने समस्या के निदान का आश्वासन दिया है। संवाद
तिलहर में रास्ते पर पानी भरने से मुश्किलों के साथ निकलते लोग। संवाद- फोटो : 1
तिलहर में रास्ते पर पानी भरने से मुश्किलों के साथ निकलते लोग। संवाद- फोटो : 1
तिलहर में रास्ते पर पानी भरने से मुश्किलों के साथ निकलते लोग। संवाद- फोटो : 1