मीरानपुर कटरा। इलाके के रसेवन गांव में शनिवार सुबह अचानक एक दीवार ढह गई। जिसके मलबे में दब कर उधर से गुजर रहे पांच साल के बच्चे की मौत हो गई।
यह हादसा शनिवार सुबह करीब सात बजे हुआ। मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र के गांव रसेवन निवासी महावीर मौर्य के पांच बेटियां हैं। बेटा न होने पर महावीर ने भतीजे सनी को करीब पांच साल पहले जन्म के बाद ही गोद ले लिया था। शनिवार सुबह सनी पड़ोसी के घर खेलने गया था। पड़ोसी के यहां से अकेला अपने घर लौट रहा था। महावीर के घर के पास प्रधान रीना देवी का खाली प्लाट पड़ा है, जिसकी चहारदीवारी थी।
सनी के गली से गुजरते समय प्रधान रीना की दीवार अचानक ढह गई, जिससे गली से गुजर रहा बच्चा मलबे में दब गया। दीवार गिरने से हुई धड़ाम की आवाज पर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मलबा हटाकर ईंटों के नीचे दबे सनी को बाहर निकाल लिया। मगर इससे पहले सनी की मौत हो चुकी थी। इसके बाद तो परिवार में कोहराम मच गया।