खुटार (शाहजहांपुर)। बरात से वापस आ रही कार में ट्राॅली की टक्कर लग जाने से लखीमपुर खीरी के रहने वाले पांच बराती घायल हो गए।
लखीमपुर के थाना मोहम्मदी के गांव गफ्फारनगर से 28 अप्रैल की रात एक बरात पीलीभीत के थाना सेहरामऊ उत्तरी के गांव जगदीशपुर गई थी। द्वारचार होने के बाद पांच बराती कार से वापस घर जा रहे थे। रात तीन बजे खुटार-मैलानी रोड पर गांव सलनहा के पास कार में ट्रैक्टर ट्राॅली की टक्कर लग गई।
चालक ट्रैक्टर-ट्राॅली सहित मौके से भाग निकला। हादसे में कार सवार गफ्फारनगर के बालकराम, रामलड़ैते, गांव मूड़ा माफी के छत्रपाल, थाना मैगलगंज के गांव एटारा निवासी दाताराम, थाना अमीननगर के गांव मगदापुर निवासी अनुज कुमार घायल हो गए।
ग्रामीणों ने घायलों को कार से निकाला। घायलों को सीएचसी लाया गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टर ने बालकराम और रामलड़ैते को राजकीय मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया। अन्य घायलों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।