जलालाबाद। दहेज में 30 लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करके उस पर जानलेवा हमला किया गया। पुलिस ने विवाहिता की तहरीर पर उसके पति और बाल विकास परियोजना अधिकारी पद पर कार्यरत ननद समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला गोपालनगर निवासी रेनू गुप्ता ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी जनपद बदायूं के जवाहरपुर निवासी उत्कर्ष के साथ फरवरी 2019 में हुई थी। पिता ने शादी पर करीब 15 लाख रुपये खर्च किए थे। शादी के बाद पति समेत ससुर सतीश, सास रीना, देवर निष्कर्ष और मेरठ में बाल विकास परियोजना अधिकारी के पद पर तैनात उसकी ननद शीतल 30 लाख रुपये की मांग कर परेशान करने लगे।
इस बीच उसके एक बेटी भी हुई, लेकिन ससुराल वालों का रवैया नहीं सुधरा। पिता ने कई बार पंचायत बुलाई लेकिन ससुराली दोबारा गर्भवती होने पर उससे मारपीट करने लगे और उसका जबरन गर्भपात करा दिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई और पड़ोसियों की मदद से अपने मायके पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।