जैतीपुर। कस्बे सहित पड़ोसी गांव करकौर में पशुओं में बीमारी फैलने से पशुपालकों की चिंता बढ़ गई है। पिछले तीन दिनों में करकौर निवासी किसान टेनी गुर्जर की चार और जैतीपुर निवासी पंकज सिंह की एक भैंस मर चुकी हैं। ग्रामीणों के अनुसार कई अन्य पशु भी बीमार हैं। पशुओं में गलाघोटू और सर्रा रोग जैसे लक्षण बताए जा रहे हैं।
कस्बे में राजकीय पशु चिकित्सालय होने के बावजूद यहां स्थायी डॉक्टर की तैनाती नहीं है। ग्रामीणों के मुताबिक अस्पताल में वैक्सीन उपलब्ध हो गई हैं, लेकिन अब तक टीकाकरण अभियान शुरू नहीं किया गया है। इससे बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है। पशुपालकों ने पशुपालन विभाग से गांव में मेडिकल टीम भेजकर पशुओं की जांच, उपचार और तत्काल टीकाकरण कराने की मांग की है।
प्रभारी पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. कौशल कुमार ने बताया कि वैक्सीनेटर इस समय धरने पर हैं, जिसके कारण समस्या आ रही है। गांव में टीम भेजकर पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा।