शाहजहांपुर में मंगलवार को कांट में पति-पत्नी ने फंदे से लटककर जान दे दी। पहले पत्नी ने आत्महत्या की। पत्नी को फंदे में लटका देखकर घबराए पति ने भी फंदे से लटककर जान दे दी। आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं है लेकिन माना जा रहा है कि घरेलू विवाद के चलते दोनों ने आत्महत्या की है। परिजन ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है।
कांट थाना क्षेत्र के ग्राम कोड़ा के पूर्व प्रधान सियाराम के बेटे विपिन (32) की पहली पत्नी संगीता ने भी फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली थी। पहली पत्नी से विपिन के दस साल का एक बेटा और पांच साल की बेटी है। विपिन मोहल्ला गढ़ी पूर्वी में अलग मकान में रहता था। उसकी मदनापुर रोड पर मोबाइल की दुकान है। करीब 10 माह पहले विपिन ने मोहल्ले की रहने वाली श्रीराम की बेटी रेनू (25) से शादी कर ली। रेनू की मां प्रेमा ने बताया कि सोमवार को दामाद विपिन कोड़ा गांव के रहने वाले परिजन के साथ होली खेलने के लिए गया था। वहां से वापस आने के बाद ससुराल आया और फिर अपने घर चला गया। सोमवार की शाम रेनू कुछ देर के लिए मायके आई थी। बाद में वापस घर चली गई।
मंगलवार की सुबह करीब नौ बजे प्रेमा ने अपने छह साल के पोते बासू को बेटी रेनू को बुलाने के लिए उसके घर भेजा था। बासू ने लौटकर बताया कि दोनों सो रहे हैं। कुछ देर बाद प्रेमा रेनू के घर गई तो अंदर का नजारा देखकर चीख पड़ी। रेनू का शव बेड पर पड़ा था और विपिन कमरे के कुंडे से रस्सी के फंदे से लटक रहा था। दोनों की मौत से दोनों परिवारों मे कोहराम मच गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रेनू और विपिन की मौत की वजह हैंगिंग (फंदे से लटकना) आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस का मानना है कि पहले रेनू ने फंदे से लटककर आत्महत्या की होगी। इसके बाद जब विपिन ने रेनू को लटके देखा तो उसे उतारा, मगर रेनू को मृत पाकर विपिन घबरा गया और उसने भी फंदे से लटककर जान दे दी। एसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि ऐसा लग रहा है कि पति-पत्नी ने आत्महत्या की है। किसी पक्ष की ओर से कोई तहरीर अभी नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।