शाहजहांपुर। शुक्रवार से शुरू होने वाले सावन माह के लिए तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। पहला सोमवार 14 जुलाई को होगा। कांवड़ियों के निकलने के मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा से लेकर स्वास्थ्य सुविधा तक की तैयारी पूरी कर ली है।
सावन मास में भोले बाबा के जलाभिषेक के लिए लाखों श्रद्धालु शिवालयों में उमड़ते हैं। मंदिरों में भी तैयारी शुरू हो गई है। वहीं, पुलिस ने छोटे-बड़े वाहनों के लिए रूट डायवर्जन चार्ट तैयार कर लिया गया है। डायवर्जन व्यवस्था प्रत्येक शुक्रवार की रात 10 बजे से मंगलवार रात 12 बजे तक रहेगी।
23 जुलाई को शिवरात्रि के अवसर पर 22 जुलाई की रात आठ बजे से 24 जुलाई की दोपहर 12 बजे तक व्यवस्था प्रभावी रहेगी। कांवड़ रूट को जोन और सेक्टर में बांटा जाएगा। सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जाएगी। मोबाइल टीमें भी लगाई जाएंगी।
कांवड़ मार्गों पर रहेगी पुलिस की तैनाती
कांवड़ यात्रा के मद्देनजर सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे। बड़ी संख्या में पीएसी के जवान भी तैनात किए जाएंगे। चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी दिखाई देंगे। सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिकारियों ने प्लान तैयार कर लिया है। पुलिसकर्मियों की तैनाती के स्थान भी तय कर दिए गए हैं। खुफिया तंत्र को सक्रिय कर दिया गया है। कांवड़ मार्गों पर सादे वस्त्रों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि कांवड़ियों की सुरक्षा को पुलिस की ड्यूटी लगा दी गई है।
प्रशासन ने तैयारियों को दिया अंतिम रूप
श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार को डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह और एसपी राजेश द्विवेदी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में संभ्रांतजनों, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति में यात्रा की तैयारियों के संबंध में विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
डीएम ने कहा कि कानून-व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, साफ-सफाई, चिकित्सा सेवाओं एवं अन्य नागरिक आवश्यकताओं से जुड़ी सुविधाएं पूरी तरह दुरुस्त रहें। कांवड़ यात्रा मार्गों में विद्युत पोल, तारों एवं उनके संयोजन की स्थिति पूरी तरह सुरक्षित होनी चाहिए। यात्रा मार्गों पर स्थित मांस की दुकानें यात्रा अवधि में बंद रखी जाएंगी।
शराब की दुकानों को ढककर संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्ग में स्थित खाद्य सामग्री विक्रेताओं की दुकानों पर खाद्य सुरक्षा लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन, दुकानदार का नाम एवं मोबाइल नंबर बड़े अक्षरों में अंकित हो। मार्ग में सभी स्ट्रीट लाइटें सुचारु रूप से जलती रहें। यात्रा मार्ग में पड़ने वाले स्वास्थ्य केंद्रों एवं अस्थायी स्वास्थ्य शिविरों में पर्याप्त मात्रा में चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, दवाएं, एम्बुलेंस आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
एसपी राजेश द्विवेदी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं व्यापारिक प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित करें। ट्रैफिक पुलिस को पूर्व निर्धारित डायवर्जन प्लान को प्रभावी रूप से लागू कराने तथा संभावित भीड़भाड़ वाले मार्गों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।