शाहजहांपुर से टनकपुर के लिए पहली सीधी ट्रेन मंगलवार को शुरू हो गई। इससे शाहजहांपुर, बीसलपुर और पीलीभीत के यात्रियों को सीधा परिवहन मिलेगा। यह ट्रेन समय और खर्च दोनों बचाएगी।
शाहजहांपुर से टनकपुर के लिए पहली बार सीधी ट्रेन मंगलवार से शुरू हो गई। पहले दिन ट्रेन अपने निर्धारित समय पर रवाना हुई। नई सेवा शुरू होने से यात्रियों में उत्साह देखने को मिला। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पहले ही दिन करीब 200 टिकटों की बिक्री हुई, जिनमें 10 यात्री टनकपुर तक यात्रा करने वाले थे। शेष यात्रियों ने मार्ग के विभिन्न स्टेशनों के लिए टिकट खरीदे।
विज्ञापन
केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद के प्रयासों से यह ट्रेन शुरू हो सकी। इससे शाहजहांपुर, बीसलपुर, पीलीभीत और टनकपुर के बीच यात्रा करने वाले लोगों को सीधा और सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध होगा। अब यात्रियों को बीच में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी।
यह ट्रेन शाहजहांपुर से बीसलपुर और पीलीभीत होते हुए टनकपुर तक जाएगी। व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और पूर्णागिरि धाम जाने वाले यात्रियों को ट्रेन से विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। यात्रियों ने लंबे समय से इस रूट पर सीधी ट्रेन की मांग की थी, जो अब पूरी हो गई है।