शाहजहांपुर। मोहल्ला लाला तेली बजरिया निवासी प्रमिला अग्रवाल के घर में पानी गर्म करने की राड से आग लग गई। लपटे उठने पर अफरातफरी मच गई। शोर शराबा सुन आसपास के लोग पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही लोगों ने सूझबूझ से आग पर काबू पा लिया।
प्रमिला अग्रवाल मोहल्ले में ही डेयरी चलातीं हैं, वह शुक्रवार शाम को अपने बेटे के साथ डेयरी पर गईं थी। घर में उस समय सिर्फ किरायेदार थे। बताया जाता है कि शाम करीब 7:45 बजे घर के बरामदे में ही पानी गर्म करने वाली रॉड का प्लग बिजली के बोर्ड में लगा हुआ था। तभी किसी बच्चे ने लाइट बंद करने के चक्कर में राड वाला बटन दबा दिया। जिससे रॉड गर्म हो गई और उससे पहले चप्पल जली। फिर वॉशिंग मशीन, चारपाई, परदे, डिश के तार और बिजली की वायरिंग भी आग की चपेट में आ गई और लपटें उठने लगीं। किराये पर रहने वाले परिवार ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर शराबा सुनकर प्राचीन शिव बड़ा मंदिर के पुजारी सुरेश चंद्र मिश्रा व उनके बेटे मोनू मिश्रा ने पहुंचकर परिवार को घर से बाहर निकाला। फिर टंकी से पानी चलाकर आग पर काबू पाया। इस बीच फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई, लेकिन जब तक वह पहुंचती आग पर काबू पा लिया गया था।