जलालाबाद (शाहजहांपुर)। फर्रुखाबाद से शाहजहांपुर जा रही रोडवेज की अनुबंधित बस के इंजन में लगी आग से हड़कंप मच गया। चालक की सूझबूझ और पुलिस की मदद से बस में सवार सभी 72 यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया।
मामला बृहस्पतिवार दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे का है। बस फर्रुखाबाद हाईवे पर कोला मोड़ के पास थी। इस दौरान बस के इंजन से धुंआ निकलने लगा। जब तक चालक समझ पाता उसमे आग लग गई। जनपद फर्रुखाबाद के थाना अमृतपुर के गांव हरसिंगपुर निवासी चालक लवकुश ने तुरंत बस को कोला मोड़ पर पुलिस चौकी के पास जाकर रोका।
बस में आग लगी देख पुलिसकर्मियों ने इंजन पर मिट्टी व पानी डालने के साथ यात्रियों को नीचे उतारना शुरू कर दिया। परिचालक रामकृष्ण मिश्रा ने बताया कि बस में 72 यात्री सवार थे। सीओ दीपक सिंह ने बताया कि आग पर कुछ ही देर में काबू पा लिया गया। सभी को बस से सुरक्षित उतारकर दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना करवा दिया गया।