पुवायां में किसानों को चेक देते एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता। संवाद
पुवायां। एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता ने सोमवार को मुख्यमंत्री खेत खलिहान अग्निकांड दुर्घटना सहायता योजना के तहत 32 किसानों को सात लाख 14 हजार 375 रुपये के चेक प्रदान किए।
पुवायां के मंडी समिति परिसर में आयोजित कार्यक्रम में एमएलसी ने सरकार की योजनाओं की जानकारी दी और उनका लाभ उठाने की अपील की। एमएलसी ने कहा कि सरकार सभी वर्गों के हित में काम कर रही है और लोगों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है। लोगों को सीधे बैंक एकाउंट या चेक से लाभ दिया जा रहा है, इससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो गई है।
पहले किसानों को अग्निकांड आदि होने पर लाभ नहीं मिलता था, लेकिन सरकार ने योजना चलाकर किसानों को राहत दी है। एमएलसी ने गांव मुड़िया पमार के 26, नटिउरा के एक, गांव गुरसंडा रायपुर के दो, गांव लालपुर आजादपुर के एक और पुवायां कसबे के दो कुल 32 लोगों को चेक दिए।
एसडीएम चित्रा निर्वाल और मंडी सचिव सर्वेश शुक्ला ने भी किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में बताया। मंडी सचिव ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि अपनी उपज सेंटरों पर ही बेचें। इस मौके पर मंडी पर्यवेक्षक अजय कुमार, देवेंद्र कुमार आदि लोग मौजूद रहे।