शाहजहांपुर। फर्जी चरित्र प्रमाणपत्र लगाकर नगर निगम में काम हासिल करने के मामले में डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर मथुरा कंस्ट्रक्शन फर्म पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता आशीष त्रिवेदी की ओर से थाना सदर बाजार में तहरीर दी गई है।
मथुरा कंस्ट्रक्शन फर्म ने नगर पालिका तिलहर और नगर निगम में छह-छह वर्कऑर्डर हासिल किए थे। इस मामले में एक सभासद की फर्जी चरित्र प्रमाणपत्र लगाने की शिकायत पर मामले की जांच कराई गई। आरोप सही पाए जाने पर डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर फर्म के विरुद्ध तिलहर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
फर्म ने नगर निगम में भी फर्जी चरित्र प्रमाणपत्र लगाया था। मुख्य अभियंता आशीष त्रिवेदी ने बताया कि थाना सदर बाजार में फर्म के विरुद्ध तहरीर दे दी है। सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि तहरीर प्राप्त होने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
प्रमाणपत्र न जांचने वाले भी घिरेंगे
फर्जी प्रमाणपत्र का मामला सामने आने के बाद डीएम ने सख्त रुख अपनाया था। उन्होंने फर्म को ब्लैकलिस्ट करने, भुगतान रोकने और हो चुके भुगतान को वसूलने के साथ ही प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए थे। इसके साथ ही उन्होंने प्रमाणपत्रों की जांच के लिए जिम्मेदार इंजीनियर व संबंधित अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पूरे मामले की सभी पहलुओं पर जांच के निर्देश दिए गए हैं। प्रमाणपत्र की समुचित जांच न करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
-
मथुरा कंस्ट्रक्शन के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता की ओर से थाना सदर बाजार में तहरीर दी गई है। फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की भी प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
- सौम्या गुरुरानी, नगर आयुक्त