मिर्जापुर (शाहजहांपुर)। ग्राम पंचायत जरियनपुर के प्रधान देवेंद्रपाल सिंह यादव के सिर पर गोली मारने के मामले में पुलिस ने प्रधान के भाई की ओर से तीन नामजद व दो अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती प्रधान की हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने शनिवार को गांव पहुंचकर जांच की। पूर्व में चल रही रंजिश के बारे में भी पता किया है।
देवेंद्रपाल सिंह यादव बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे जरियनपुर तिराहा से अपने गांव बड़ा तारापुर लौट रहे थे। जैसे ही वह गांव से एक किलोमीटर पहले बदायूं-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर पहुंचे, तभी हमलावरों ने फायरिंग कर दी। उनके सिर पर गोली लगी और वह जमीन पर गिरकर बेहोश हो गए। होश में आए देवेंद्रपाल ने बाइक उठाकर घर पहुंचे। इस दौरान उनको गोली लगने का आभास ही नहीं हुआ। आयुर्वेदिक मेडिकल काॅलेज में हुए एक्स-रे से सिर में गोली का पता चला था। शनिवार सुबह प्रधान के भाई सत्यपाल सिंह ने तारापुर गांव निवासी अतर सिंह, परमानंद उर्फ लालू, अतुल व दो अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
उन्होंने बताया है कि सभी आरोपी पहले से घात लगाए बैठे थे। पीछे से आ रहे भतीजे आने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए खेतों की ओर से भाग गए। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले में हर पहलू पर जांच की जा रही है। सिर पर लगी गोली मंगवाई गई है। एसओजी समेत तीन टीमें जल्द ही घटना का खुलासा कर देंगी।