लोहारों वाले चौराहे पर सड़क का निर्माण न होने पर इंजीनियर से नाराजगी जताते वित्त मंत्री सुरेश
तिलहर। वार्ड 33 तिलहरजई में लोहारों वाले चौराहे पर करीब 50 लाख रुपये की लागत से चल रहा सड़क और नाला निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं होने पर शनिवार को वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कड़ी नाराजगी जताई। वित्त मंत्री ने आवास विकास परिषद के इंजीनियरों से नाराजगी जताते हुए चार दिन में काम पूरा न होने पर रिपोर्ट दर्ज कराने की चेतावनी दी।
लोहारों वाले चौराहे पर 120 मीटर लंबी नाला-नाली और 150 मीटर लंबी सड़क का निर्माण होना था। दिसंबर 2025 में काम शुरू हुआ था और इसे दो महीने में पूरा किया जाना था। पहले अतिक्रमण नहीं हटने के कारण काम शुरू नहीं हो सका। इसके बाद विद्युत लाइनों को भूमिगत करने में समय लग गया। नाला और नाली का काम पूरा हो चुका है, लेकिन सड़क का निर्माण अब तक अधूरा है। बारिश के कारण भी काम प्रभावित हुआ।
शनिवार को निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री ने सड़क पर पड़ी रोड़ी को देखकर अधिकारियों से नाराजगी जताई। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि थोड़ा काम शुक्रवार रात को कराया गया है।
उन्होंने आवास विकास परिषद के जेई नवीन कुमार और एई हेमंत कुमार से कहा कि वे लोग उनकी बदनामी करा रहे हैं। अधिकारियों की ओर से ठेकेदार के काम पर सवाल उठाए जाने पर वित्त मंत्री ने कहा कि ठेकेदार से काम कराना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। जब ठेकेदार काम नहीं कर रहा था तो उसे काम क्यों दिया गया।
उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए यहां तक कहा कि ऐसे मामले में इंजीनियर को ही जेल भेज देना चाहिए। अधिकारियों ने तीन से चार दिन में सड़क का निर्माण पूरा कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान पार्षद नरेश चंद्र मौर्य भी मौजूद रहे। अपर नगर आयुक्त भान सिंह ने बताया कि ठेकेदार को सख्त चेतावनी दी गई है। चार दिन में अगर काम पूरा नहीं होता है तो कार्रवाई की जाएगी।