जलालाबाद। दो व तीन मई को गंगा एक्सप्रेस-वे की हवाई पट्टी पर दिन और रात में लड़ाकू विमान गरजेंगे। विमान लैंडिंग के पूर्वाभ्यास तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन की तैयारियों को लेकर सोमवार शाम मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने अधिकारियों के साथ बैठक की।
हवाई पट्टी क्षेत्र में आयोजित हुई इस बैठक में मंडलायुक्त ने सभी तरह की व्यवस्थाएं तय समय में पूरा कर लिए जाने पर जोर दिया। उन्होंने सीटिंग प्लान, सीसीटीवी, बैरिकेडिंग, फेंसिंग, वाहन पार्किंग जैसी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। तैयारियों को वायु सेना के संबंधित विभाग के अधिकारी से आपसी तालमेल बैठाकर पूरा करने के लिए निर्देशित किया।
वायु सेना के कमांडिंग ऑफिसर मुदित माथुर ने कहा कि हवाई पट्टी क्षेत्र में व्यवस्थाएं इस बात को ध्यान में रखते हुए करें कि जरूरत पड़ने पर वे सभी इंतजाम बहुत कम समय में पूरे करने में कोई दिक्कत न आए। उन्होंने निर्माण कंपनी के प्रतिनिधियों से कहा कि कई तरह के कार्य स्थायी रूप से पूरे कर लें। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने पार्किंग, मुख्यमंत्री के लिए दो स्विस कॉटेज, मीडियाकर्मियों के बैठने की व्यवस्था सहित कई अन्य बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया। डीएम ने उड़ने वाली धूल रोकने के लिए गोबर से लिपाई कराने के विकल्प को भी आजमाने को कहा। इस दौरान एसपी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने पेयजल उपलब्धता, आपातकालीन चिकित्सकीय सहायता, अधिकारियों एवं कर्मचारियों हेतु आवासीय सुविधाओं, मोबाइल टॉयलेट्स की व्यवस्था भी बेहतर करने के निर्देश दिए। डीपीआरओ को निर्देशित किया गया कि आसपास के क्षेत्रों में व्यापक साफ-सफाई एवं स्वच्छता सुनिश्चित की जाए।
दो मई को दिन और रात दोनों समय होगी लैंडिंग
दो मई को दिन और रात दोनों समय विमान लैंडिंग का अभ्यास किया जाएगा। वायु सेना के कमांडिंग ऑफिसर मुदित माथुर ने बताया कि तीन मई को केवल रात के समय लैंडिंग का पूर्वाभ्यास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कई तरह के तथ्यों को ध्यान में रखते हुए इस क्षेत्र में हवाई पट्टी का निर्माण कराया गया है। बताया कि दो व तीन मई को सेना के विभिन्न तरह के फाइटर प्लेन की लैंडिंग कराने का अभ्यास होगा। वायुसेना के ग्रुप कैप्टन ने बताया कि दो मई को प्रातः 8:00 बजे से एफएलसी प्रारंभ होगी। सुबह 9:45 बजे से 10:30 बजे तक वायुसेना के लड़ाकू विमानों द्वारा लैंडिंग शो का आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न एयरक्राफ्ट भाग लेंगे।
24 घंटे रहेगी बिजली व्यवस्था
एक मई से हवाई पट्टी वाले पांच किलोमीटर के क्षेत्र में 24 घंटे बिजली सप्लाई सुचारु रखने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए गए हैं। डीएम ने इस कार्य के लिए जेनरेटर व्यवस्था या जो सुविधाजनक हो, वह व्यवस्था करने को कहा है। बैठक के दौरान कमांडिंग ऑफिसर मुदित माथुर ने बताया कि विमान लैंडिंग की प्रक्रिया चलने के दौरान मौजूद लोगों को उससे संबंधित जानकारियां उपलब्ध कराते रहने के लिए कमेंट्री की व्यवस्था की जाएगी। इस दौरान डीएम ने उनसे कमेंट्री ज्यादातर हिंदी में करवाने की व्यवस्था कराने को कहा।