दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से किया हमला
- फोटो : अमर उजाला
शाहजहांपुर के कांट थाना क्षेत्र के रतनापुर गांव में दो पक्षों के बीच विवाद में करीब 12 लोग घायल हो गए। किसी ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब वायरल हो रहा है। घटना 25 मई की रात करीब आठ बजे की है।
रतनापुर गांव निवासी सुभाष चंद्र के अनुसार, वह अपने मकान के बाहर खड़े थे। तभी रोहित ने आकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर रोहित और उसके परिवार के लोगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में सुभाष के चाचा ओमकार, भाई जोगेंद्र, छोटे भाई रामलखन और चाची सुनीता समेत कई लोग घायल हुए।
दोनों पक्षों में जमकर चले लाठी-डंडे
दूसरे पक्ष से रोहित का आरोप है कि गंगाचरण ने नशे में आकर गाली-गलौज की। विरोध करने पर उन पर और उनके परिवार पर हमला किया गया। इस हमले में रोहित, रामकिशोर, अमित, श्यामू और राजकुमार घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे पर लाठी-डंडे बरसाते दिख रहे हैं।
कुछ घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जबकि कुछ को लखनऊ रेफर किया गया है। प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश सिंह ने बताया कि घायलों का मेडिकल कराकर इलाज चल रहा है। पुलिस ने एक पक्ष के पांच और दूसरे पक्ष के 16 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।