फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: नहीं मिल रही खाद, छुट्टा पशु बने समस्या

Tue, 26 Nov 2024 04:29 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
शाहजहांपुर। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग व जिला प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप के सामने जनप्रतिनिधियों ने समस्याओं की झड़ी लगा दी। उन्होंने खासतौर पर खाद संकट, जाम, छुट्टा पशुओं के मुद्दे को उठाया। मंत्री ने डीएम और एसपी को समस्या के समाधान के निर्देश दिए।
विज्ञापन

सोमवार को विकास भवन सभागार में हुई कानून व्यवस्था एवं विकास कार्यों की बैठक हुई। पुवायां के विधायक चेतराम ने कहा कि बंडा क्षेत्र में चोरी की कई वारदात हो चुकी हैं। पुलिस इनको रोकने में नाकाम है। इस पर प्रभारी मंत्री ने एसपी राजेश एस.को निर्देश दिए कि टीम गठित करके चोरियों का खुलासा किया जाए।

जलालाबाद विधायक हरिप्रकाश वर्मा ने खाद संकट का मुद्दा उठाया। कहा कि रबी फसलों की बोआई के वक्त किसानों को समय से डीएपी नहीं मिल पा रही है। इस पर डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जिले में अब तक 66000 टन खाद का वितरण हो चुका है। डीएपी की दो रैक जिले में पहुंच गईं हैं। मंगलवार तक खाद का संकट खत्म हो जाएगा। जलालाबाद विधायक ने कहा कि हर माह ढाई घाट और घटिया घाट पर पूर्णमासी का मेला लगता है। पुलिस पहले से इंतजाम नहीं करती है, जिस वजह से जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि पर्याप्त पुलिस बल लगाया जाए, ताकि जाम की समस्या उत्पन्न न हो।
विज्ञापन

ददरौल विधायक अरविंद सिंह ने कहा कि उनके क्षेत्र में फर्जी धान खरीद हो रही है और निराश्रित गोवंशीय पशुओं की वजह से किसान परेशान हैं। इस पर प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि धान की फर्जी खरीद की जांच कराई जाए। तिलहर विधायक सलोना कुशवाहा ने कहा कि निगोही और तिलहर चीनी मिल यार्ड में गन्ने से भरे वाहन खड़े करने की समुचित व्यवस्था नहीं है। इससेे सड़क पर जाम की समस्या बनी रहती है। कटरा विधायक वीर विक्रम सिंह प्रिंस ने कहा कि विकास कार्यों का समय से भुगतान नहीं किया जाता है। सचिव प्रधानों के भुगतान कराने में मदद नहीं करते हैं।
जनप्रतिनिधियों ने एआरटीओ कार्यालय में ड्राइविंग लाइसेंस बनाने और अन्य कार्याें में लापरवाही बरते जाने की शिकायत भी की। इस पर मंत्री ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सुधार के लिए निर्देशित किया।



इन मुद्दों पर अधिकारियों को सुधार करने की दी नसीहत

प्रभारी मंत्री ने विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति में सुधार लाया जाए। किसानों की बाढ़ से प्रभावित हुई फसल के बीमा के 39 आवेदन लंबित होने पर प्रभारी मंत्री ने उप कृषि निदेशक को जल्द निस्तारण के लिए निर्देशित किया। मनरेगा कार्य में निर्माण के मैटेरियल का भुगतान लंबित होने पर डीसी मनरेगा को भुगतान की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। दिव्यांगजन पेंशन योजना अंतर्गत पेंशन लंबित होने पर नाराजगी जताई। जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में डाली गई पाइपलाइन के बाद सड़कों को ठीक न कराने पर भी प्रभारी मंत्री गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने के लिए कहा। प्रभारी मंत्री ने राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए आयकर विभाग के अधिकारियों से कार्याें में सुधार लाने और टैक्स चोरी रोकने के निर्देश दिए। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष केसी वर्मा, एमएलसी सुधीर गुप्ता, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, सीडीओ डॉ. अपराजिता सिंह, एडीएम एफआर डॉ. सुरेश कुमार, एडीएम प्रशासन संजय कुमार पांडेय, सिटी मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।



-

किसानों का समय से किया जाए धान खरीद का भुगतान

रोजा। प्रभारी मंत्री ने रोजा मंडी में सरकारी धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि किसानों को भुगतान निर्धारित समय से किया जाए। कहा कि 50 क्विंटल तक बिना सत्यापन के किसान अपना धान सरकारी क्रय केंद्रों पर तौल करा सकता है। डीएम ने बताया कि जनपद में 22000 किसानों ने पंजीकरण कराया है। इनमें से 17000 किसानों का सत्यापन हो चुका है और 7000 किसान अपने धान की तौल करा चुके हैं। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान क्रय केंद्रों पर किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। संवाद




संभल हिंसा राजनैतिक दलों और धर्म विशेष की साजिश
प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने पत्रकार वार्ता में कहा कि उच्च न्यायालय के निर्देश पर संभल में धार्मिक स्थल का सर्वे कराया जाना था। इसके बावजूद हिंसा फैलाई गई। इसमें राजनीतिक दलों और धर्म विशेष की साजिश है। हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अखिलेश यादव और राहुल गांधी के बयान पर मंत्री ने कहा कि चुनाव में हार मिलने पर उनको ईवीएम में कमी नजर आती है। उन्होंने कहा कि अब जनता अखिलेश यादव की बात पर ध्यान नहीं देती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें