शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज से लापता हुई महिला मरीज अपनी बड़ी बहन के घर हरदोई के शाहाबाद में मिल गई। सीसी कैमरों को चेक कराने पर पुलिस को उसकी जानकारी मिली।
22 मई की शाम चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हयातपुरा निवासी नईम खां ने अपनी पत्नी तरन्नुम को राजकीय मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया था। उन्होंने बताया था कि उनकी पत्नी मानसिक रूप से कमजोर हैं। शनिवार की पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे उनकी पत्नी वार्ड से अचानक लापता हो गईं।
23 मई को थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस ने मेडिकल कॉलेज व उसके आसपास लगे करीब आठ-दस कैमरे चेक किए। नहर रोड पर लगे कैमरे में महिला की फुटेज दिखाई दी। पुलिस ने मोबाइल नंबर की मदद से तरन्नुम को उसकी बड़ी बहन फरजाना के पास हरदोई के शाहबाद में होने की जानकारी जुटाई। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि महिला मिल गई है। संवाद