गीता देवी का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
जलालाबाद। कोला रोड पर रैपुरा पुलिया के पास शुक्रवार रात करीब नौ बजे हादसा हो गया। पिकअप की टक्कर लगने से बाइक पर बैठी मिर्जापुर के जरियनपुर गांव निवासी 45 वर्षीय गीता देवी की मौत हो गईं, जबकि बाइक चला रहा उनका भतीजा राहुल घायल हो गया।
परिजनों के अनुसार, गीता देवी को समूह का ऋण करना था, इसलिए वह शुक्रवार की रात बाइक से अपने भतीजे राहुल के साथ जलालाबाद के लिए आ रहीं थीं। जैसे ही वह कोला रोड पर पहुंचीं, तभी सामने से आई पिकअप की टक्कर लगने से गीता देवी व उनका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों को खून से लथपथ देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों को सीएचसी भेजा। चिकित्सक ने गीता देवी को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद राहुल को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। देर रात सीएचसी पहुंचे परिजन गीता देवी के शव को देख बिलख पड़े। परिजनों ने बताया कि उनकी चार बेटियां हैं। पति खेतीबाड़ी करते हैं। इंस्पेक्टर राजीव तोमर ने बताया कि तहरीर प्राप्त होने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।