चांद मियां का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला ककराकलां निवासी 40 वर्षीय चांद मियां की राजकीय मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। उनके भाई रहमान के अनुसार, सूदखोर से तंग आकर चांद मियां ने आठ दिन पूर्व तेजाब पी लिया था। पुलिस ने आरोप के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में उनके घर व रिश्तेदारियों में दबिश दी हैं।
चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मेहमान शाह निवासी मोहम्मद रहमान उर्फ गुड्डू ने थाना सदर बाजार में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि छोटे भाई चांद मियां थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला ककराकला में पानी की टंकी के पास किराये पर रहते थे। पिछले साल मार्च में भाई ने मोहित के माध्यम से मोनू पांडेय से 53 हजार रुपये लिए थे।
वह डेढ़ लाख रुपये दे चुके थे। अब उसका कोई बकाया नहीं था। इसके बावजूद दोनों लोग भाई को परेशान कर रहे थे। कहते थे कि उनकी असल रकम अभी बाकी है। इससे वह काफी परेशान रहते थे। आरोपी भाई को धमकाते थे। उनकी बेइज्जती करते थे। कहते थे कि जहर खाकर मर जाओ। तब भी परिवार से रुपये वसूल लेंगे।
धमकियों से तंग आकर 17 मार्च की दोपहर एक बजे चांद मियां ने तेजाब पी लिया था। उनको राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाकर भर्ती कराया। फिर हालत में सुधार न होने पर बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद वापस राजकीय मेडिकल कॉलेज लाकर भर्ती कराया। बुधवार की रात चांद मियां ने दम तोड़ दिया। इंस्पेक्टर बृजेश सिंह ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। कुछ लोगों से पूछताछ भी की गई है।
-
11 माह पहले हुई थी शादी, बीवी हुई बेसुध
परिजनों के अनुसार, चांद मियां पतंग बनाने का काम करते थे। उनकी पिछले साल 14 अप्रैल को ही तरन्नुम के साथ शादी हुई थी। पति की मौत से तरन्नुम बेसुध हो गई। परिवार की महिलाओं ने उन्हें संभाला, उनकी आंख से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। चांद मियां की मौत से उनकी तीनों बहनें गुमसुम हो गईं हैं।
चांद मियां का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन