शाहजहांपुर। उमस भरी गर्मी में बिजली की मांग बढ़ने के बाद कई जगह फॉल्ट हुए हैं। हथौड़ा उपकेंद्र के अंटा फीडर के केबल में फॉल्ट आने से आपूर्ति गुल रही। करीब चार घंटे के बाद बिजली आने से लाेगों ने राहत की सांस ली। वहीं, ग्रामीण इलाकों में बिजली के फॉल्ट से बत्ती गुल रही।
बुधवार की रात करीब सात बजे हथौड़ा उपकेंद्र के अंटा फीडर की केबल में जल गई। बिजली जाने से लोग परेशान रहे। रेती, तारीन गाड़ीपुरा, बृज विहार कॉलोनी समेत कई इलाकों की आपूर्ति भीषण गर्मी में गुल रही। एसडीओ मनीष चंद्रा ने सिटी पार्क उपकेंद्र से लाइन जोड़कर आपूर्ति बहाल कराई। रात साढ़े 12 बजे केबल सही होने पर अपनी लाइन से बिजली जोड़ी गई।
चिनौर उपकेंद्र पर 33 केवी ब्रेकर का कंट्रोल पैनल बदलने की वजह से दोपहर 12 से चार बजे तक कार्य कराया गया। इसके चलते मुड़ा फीडर, कटैया, शाहबजनगर, सातवां फीडर, सतवां, ओसीएफ डबल स्टोरी की बत्ती गुल रही।
-
निगोही में बिजली नहीं आने से लोग परेशान
शाहजहांपुर। निगोही में एसपीएन और जिंदपुरा फीडर की हालत सबसे खराब है। एसपीएन फीडर के अंतर्गत आने वाले गुरगवां, परा झरसा, कजरीनूरपुर, मदारीपुर, कुदिरना आदि गांवों में बिजली कटौती से लोगाें को जूझना पड़ रहा है। भाजपा किसान मोर्चा के मीडिया प्रभारी विजेंद्र पटेल ने बताया कि 17 जून को सुबह पांच बजे की गई बिजली दोपहर के बाद दो बजे आई। 20 मिनट के बाद फिर चली गई। जेई ने कॉल तक रिसीव नहीं की। इसी तरह जिंदपुरा फीडर के 50 गांवों को बिजली नहीं मिल पा रही है। संवाद
-
पूरे दिन नहीं आई बिजली
मिर्जापुर में बृहस्पतिवार को आई आंधी से पूरे क्षेत्र की सप्लाई ठप हो गई थी। तीन दिन के बाद भी बिजली नहीं आई है। मंगलवार शाम से गई बिजली पूरी रात गायब रही। बुधवार पूरे दिन में मात्र एक घंटे को सप्लाई मिलने से उपभोक्ता भीषण गर्मी में बेहाल रहे। कीलापुर, मदुरा, झपुला, माधौपुर, छत्तरपुर, मई खिर्दकलां, सोहड़, अमृतापुर समेत कई गांवों में बिजली के दर्शन नहीं हुए।
-
33 केवीए लाइन का बॉक्स फटा
जलालाबाद। बिजली उपकेंद्र पर लगा 33 केवीए लाइन का बॉक्स फट जाने से नगर में सात घंटे से ज्यादा समय तक बिजली आपूर्ति ठप रही। दोपहर 12 बजे से पहले अचानक बिजली चली गई। शाम सात बजे तक नहीं आई। लगातार सात घंटों तक बिजली न आने से इन्वर्टर भी डाउन हो गए। शाम चार से पांच बजे के बीच आने वाली नगर पालिका की पानी सप्लाई पर निर्भर लोग मोटर न चल पाने से पानी के संकट से जूझते रहे। शाम सात बजे के बाद बिजली आने से लोगों ने राहत की सांस ली। संवाद
-
एक्सईएन ने चार्ज संभाला
अधिशासी अभियंता सिटी पद पर ऋषिपाल ने चार्ज संभाल लिया। उन्होंने कर्मचारियों से परिचय भी प्राप्त किया। इससे पहले खालिद सिद्दीकी का बिजनौर तबादला होने पर वह रिलीव हो गए हैं।