तिलहर (शाहजहांपुर)। गुरुकुल महाविद्यालय के कक्षा छह के छात्र अनुराग की हत्या के मामले में पुलिस ने दसवीं के छात्र रामलखन को गिरफ्तार कर जेल भेज तो दिया, मगर यह खुलासा मृतक के परिजन के गले नहीं उतर रहा है। सोमवार को आए अनुराग के पिता ने कहा कि बेटे की हत्या में केवल एक व्यक्ति शामिल नहीं हो सकता है। वह मामले को मुख्यमंत्री तक लेकर जाएंगे।
कन्नौज जिले के थाना छिबरामऊ के रामखेड़ा गांव निवासी ब्रजेश कुमार यादव ने सोमवार को तिलहर पहुंचे। उन्होंने तिलहर थाना प्रभारी राकेश कुमार से मुलाकात कर कहा कि बेटे अनुराग की हत्या में लखीमपुर के गोला गोकर्णनाथ के गांव रोहनिया निवासी रामलखन अकेले दोषी नहीं हो सकता। इसमें अन्य लोगों का हाथ हो सकता है।
खुलासे में दो छात्रों के रात 11 बजे तक मच्छरदानी सिलने की बात बताई गई। उसके बाद 15 मिनट के बाद ही उनके पुत्र की हत्या कर दी गई। इसका किसी को भी पता नहीं चला। ऐसे में खुलासा संदिग्ध लग रहा। विद्यालय के प्रबंधन पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, जबकि विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी विद्यालय प्रबंधन की होती है।
इंस्पेक्टर से सीसीटीवी फुटेज दिखाई जाने की मांग की। मृतक के चाचा दीपक यादव ने कहा कि पुलिस ने सही खुलासा नहीं किया तो वह मुख्यमंत्री से मुलाकात कर घटना की न्यायिक जांच की मांग करेंगे। देर शाम परिजनों ने एसपी से मुलाकात भी की।