रामौतार का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
निगोही। निगोही थाना क्षेत्र के गांव रामनगर में मंगलवार की सुबह पंखे में आ रहे करंट के चपेट में आकर पिता रामौतार और उन्हें बचाने आई बेटी किरन की मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, मंगलवार की सुबह रामौतार (40 वर्ष) बिजली के बोर्ड में पैडस्टल पंखे का प्लग लगा रहे थे। प्लग लगाने के बाद जैसे ही उन्होंने पंखा मोड़ने के लिए छुआ, उन्हें करंट लग गया और वह पंखे समेत जमीन पर गिर गए।
पिता को तड़पता देख किरन दौड़कर उनके पास गई और बचाने की कोशिश की। इस दौरान वह भी करंट की चपेट में आ गई और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पिता-पुत्री की मौत की खबर सुनकर सैकड़ों लोग वहां एकत्र हो गए। परिजनों ने बताया कि रामौतार की पत्नी गुड्डी देवी की एक वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। रामौतार पांच भाइयों में तीसरे नंबर के थे। कार्यवाहक निगोही थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पिता-पुत्री के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है।
रामौतार का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
रामौतार का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन