पहले भी करता रहा हैवानियत, घुटती रही बेटी
तीन वर्ष पहले पिता-पुत्री के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने की घटना से सब स्तब्ध रह गए थे। तीन बार हैवानियत झेल चुकी नाबालिग ने हारकर आत्महत्या का प्रयास किया था। महज पांच वर्ष की उम्र में मासूम बेटी से पिता ने पहली बार दुष्कर्म किया था।
महिला के छह बच्चे हैं। सबसे बड़ा बेटा है। पति कोई काम नहीं करता था और शराब का आदी था। आए दिन लोगों से झगड़ा करता रहता था। पूछताछ में 16 वर्षीय बेटी ने बताया था कि जब वह पांच वर्ष की थी तब उसके पिता ने उससे दुष्कर्म किया था। तब वह अबोध थी।
यह भी पढ़ें- Bareilly News: बहू के लेखपाल से अवैध संबंध, राज खुला तो घर में कर दिया बवाल, ससुर ने कराई रिपोर्ट
पांच फरवरी 2022 को जब परिवार के सभी सदस्य रिश्तेदारी में गए थे, तब भी पिता ने उसके साथ हैवानियत की थी। पिता के धमकाने पर वह चुप रही और अंदर ही अंदर घुटती रही। बदनामी के डर से उसने किसी को कुछ नहीं बताया था। तीसरी बार जब उससे दुष्कर्म किया गया तो वह बर्दाश्त नहीं कर सकी और अपनी जान देने की कोशिश की थी।
उसकी तबीयत बिगड़ने के बाद जब परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाने लगे तो पिता तैयार नहीं था। उसे डर था कि कहीं बेटी उसका भेद न खोल दे, मगर मां ने उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया। इसके बाद बेटी ने मां को रो-रोकर अपने साथ हुई हैवानियत के बारे में बताया। इसके बाद मां ने बेटी को इंसाफ दिलाने की ठान ली।