तिलहर। लखनऊ-दिल्ली हाईवे के पूर्वी भक्सी तिराहा पर चाट का ठेला लगाने को लेकर शनिवार की शाम दो चाट विक्रेताओं में मारपीट हो गई। मारपीट में मोहल्ला हिंदू पट्टी निवासी सोनपाल और उनका पुत्र वीरेश गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल पिता-पुत्र को सीएचसी पर भेजकर उनका मेडिकल और उपचार कराया।
उपचार कराने के बाद सोनपाल ने थाने में तहरीर देकर मोहल्ला चौहटिया निवासी राजेश, उसके पुत्र कमल और अभय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। सोनपाल ने पुलिस को बताया कि वह शनिवार को पूर्वी भक्सी तिराहा के पास चाट का ठेला लगाए हुए थे। राजेश भी पास में चाट का ठेला लगाए था। इस दौरान राजेश उनके ग्राहकों को अपने ठेले पर बुलाने लगा।
इसका विरोध करने पर आरोपी हमलावर हो गए। पुत्र वीरेश ने उन्हें बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसे भी लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कराई जा रही है। संवाद