खुटार में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर हरदोई अपने घर लौट रहे एक परिवार की कार बादशाहनगर चौराहा पर खराब खड़े ट्रक में जा घुसी। इसमें हरदोई के विभूतिनगर कालोनी निवासी 40 वर्षीय कुलदीप गुप्ता और उनकी आठ वर्षीय बेटी सुरभि की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कुलदीप की पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा शुक्रवार रात करीब ढाई बजे का बताई जा रहा है। पुलिस के अनुसार कुलदीप की साली उपासना की शादी खुटार के मोहल्ला नरायनपुर में हुई थी। वैवाहिक कार्यक्रम निपटाकर कुलदीप परिवार समेत कार में अपने घर हरदोई लौट रहे थे। रास्ते में शाहजहांपुर के बादशाहनगर चौराहा के समीप खराब खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। टक्कर इतनी जबरदस्त हुई कि इसमें गंभीर चोटें आने से कुलदीप और उनकी एक बेटी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि पत्नी नीलम और बेटा साहिल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना में उनकी 18 वर्षीय बेटी वैशाली बाल-बाल बच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने कुलदीप और उनकी बेटी के शव का पोस्टमार्टम कराया।