गन्ना किसानों ने क्या कहा
गांव भरई के किसान ओमकार ने कहा कि गन्ना मूल्य 20 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ा दिया गया है। यह किसानों के लिए अच्छा कदम उठाया गया है। सरकार को छुट्टा पशुओं से निजात दिलाने के लिए भी प्रयास करने चाहिए। नौगवां गोविंदपुर के जगपाल यादव ने कहा कि गन्ना मूल्य 20 रुपये क्विंटल बढ़ने से किसानों को राहत मिली है। इससे किसानों को फायदा होगा। सरकार को लागत के हिसाब से गन्ना मूल्य और बढ़ाना चाहिए।
सुरजुपुर निवासी कुलदीप मिश्रा ने कहा कि किसानों के हित में सरकार सोच रही है, यह अच्छी बात हैं। किसान की अन्य समस्याओं की ओर भी सरकार को ध्यान देना चाहिए। गोविंदपुर के धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि किसानों की मेहनत और लागत की महंगाई के अनुसार गन्ने का मूल्य 500 रुपये प्रति क्विंटल होना चाहिए। इससे किसानों की आय दोगुनी होने की बात सच हो सकेगी।
जिला गन्ना अधिकारी जितेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि गन्ना का समर्थन मूल्य बढ़ने से गन्ना का डायवर्जन कोल्हू की ओर नहीं होगा। अधिक से अधिक किसान चीनी मिलों को गन्ना देगा। इससे उम्मीद है कि इस बार चीनी का उत्पादन अन्य वर्षों की अपेक्षा अधिक होगा।