खुटार (शाहजहांपुर)। गांव चांदपुर से खुटार जाने वाले मार्ग पर सोमवार शाम राहगीर बाघ को देखकर शोर मचाते हुए बाघ के पीछे भागते दिख रहे हैं। इससे बड़ी घटना हो सकती थी। किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। संवाद न्यूज एजेंसी वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
सोमवार शाम कुछ लोग खुटार से गांव चांदपुर की ओर जा रहे थे। चांदपुर के महेश बाबा स्थान के पास एक बाघ गन्ने के खेत से निकलकर रोड के पास चकरोड पर आ गया। शोर मचाने पर बाघ वापस गन्ने में चला गया। खेत की पगडंडी पर कुछ लोग बाघ होने की बात कहकर अन्य लोगों को बाघ दिखा रहे थे। शोर होने पर बाघ पगडंडी पर आगे बढ़ा तो लोग शोर मचाते हुए उसके पीछे दौड़ने लगे। ऐसे में बाघ पीछे मुड़कर हमला कर देता तो लोगों की जान भी जा सकती थी। रेंजर दिनेश बडोला ने बताया कि बाघ होने की जानकारी पर वनकर्मियों को जांच के लिए मौके पर भेजा गया है। संवाद